Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें पांच सीटों के उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी शामिल हैं। पांच में से चार उम्मीदवार मुस्लिम हैं।
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी कई महीने बाकी हैं, लेकिन सत्ता पर कब्जे के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में जुटी है, वहीं समाजवादी पार्टी भी संगठन से लेकर उम्मीदवारों तक के स्तर पर काम कर रही है। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस समेत दूसरे राजनीतिक दल भी अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं।
सपा की ओर से जारी पहली सूची में पांच विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट, शामली जिले की कैराना सीट, अमरोहा जिले की अमरोहा सीट और बुंदेलखंड क्षेत्र की ललितपुर विधानसभा सीट शामिल है।
इस सूची की एक खास बात यह भी है कि सपा ने पांच उम्मीदवारों में चार मुस्लिम चेहरों को जगह दी है, जबकि एक महिला उम्मीदवार ज्योति लोधी हैं। घोषित किए गए पांच नामों में से चार मौजूदा विधायक हैं। पार्टी ने इन चारों विधायकों को उनकी मौजूदा विधानसभा सीट से ही दोबारा उम्मीदवार बनाया है, वहीं ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को मौका दिया गया है।
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही ये पांचों विधानसभा सीट चर्चा में आ गई हैं। ऐसे में यह जानना दिलचस्प हो जाता है कि पिछले तीन विधानसभा चुनावों यानी 2012, 2017 और 2022 में इन सीटों का मिजाज कैसा रहा है।
बेहट विधानसभा सीट: तीन चुनावों में तीन अलग-अलग पार्टियों की जीत
सपा ने सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। उमर अली खान 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे और जीत दर्ज की थी।
2012 के विधानसभा चुनाव में बेहट सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने जीत दर्ज की थी। बसपा के उम्मीदवार महावीर सिंह राणा ने कांग्रेस के उम्मीदवार नरेश को 514 वोटों के मामूली अंतर से हराया था। महावीर सिंह राणा को 70,274 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के नरेश को 69,760 वोट हासिल हुए थे। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार उमर अली खान 47,366 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
2017 के चुनाव में बेहट सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। कांग्रेस के उम्मीदवार नरेश सैनी ने भाजपा के महावीर सिंह राणा को पराजित किया। नरेश सैनी को 97,035 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के महावीर सिंह राणा को 71,449 वोट हासिल हुए थे। 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बेहट सीट पर जीत दर्ज की। सपा के उमर अली खान ने भाजपा के नरेश सैनी को 37,880 वोटों के अंतर से हराया। उमर अली खान को 1,34,513 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के नरेश सैनी को 96,633 वोट हासिल हुए थे। इस तरह बेहट सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनावों में 2012 में बसपा, 2017 में कांग्रेस और 2022 में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की।
सहारनपुर विधानसभा सीट: बसपा, कांग्रेस और सपा ने दर्ज की जीत
सहारनपुर जिले की दूसरी सीट से समाजवादी पार्टी ने आशु मलिक को उम्मीदवार घोषित किया है। आशु मलिक ने 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इस सीट के पिछले चुनावी इतिहास में भी पिछले तीन विधानसभा चुनावों में तीन अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
2012 में सहारनपुर विधानसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने जीत दर्ज की थी। बसपा के उम्मीदवार जगपाल ने कांग्रेस के चंद्रशेखर अब्दुल वाहिद को 17,113 वोटों से हराया था। जगपाल को 80,670 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 63,557 वोट हासिल हुए थे। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल सरफराज खान 43,018 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
2017 में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। कांग्रेस के उम्मीदवार मसूद अख्तर ने बसपा के जगपाल सिंह को 12,324 वोटों से हराया था। मसूद अख्तर को 87,689 वोट मिले थे, जबकि बसपा उम्मीदवार जगपाल सिंह को 75,365 वोट हासिल हुए थे। भाजपा के उम्मीदवार मनोज चौधरी 58,752 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। 2022 में सहारनपुर सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की। सपा के आशु मलिक ने भाजपा के जगपाल सिंह को 30,745 वोटों से हराया था। आशु मलिक को 1,07,007 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के जगपाल सिंह को 76,262 वोट हासिल हुए थे।
कैराना विधानसभा सीट: नाहिद हसन ने लगातार दो चुनावों में दर्ज की जीत
शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट भी समाजवादी पार्टी की पहली सूची में शामिल है। पार्टी ने यहां से मौजूदा विधायक नाहिद हसन को फिर से उम्मीदवार बनाया है। कैराना सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों में गिनी जाती है। पिछले तीन विधानसभा चुनावों के परिणाम देखें तो यहां भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबला देखने को मिला है।
2012 के विधानसभा चुनाव में कैराना सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। भाजपा के उम्मीदवार हुकुम सिंह ने बहुजन समाज पार्टी के अनवर हसन को 19,543 वोटों से हराया था। हुकुम सिंह को 80,293 वोट मिले थे, जबकि बसपा के अनवर हसन को 60,750 वोट हासिल हुए थे। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अय्यूब जंग को 21,267 वोट मिले थे।
2017 के विधानसभा चुनाव में कैराना सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की। सपा के उम्मीदवार नाहिद हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को 21,162 वोटों से हराया था। नाहिद हसन को 98,830 वोट मिले थे, जबकि मृगांका सिंह को 77,668 वोट हासिल हुए थे। 2022 में भी समाजवादी पार्टी ने कैराना सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। नाहिद हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को लगातार दूसरी बार मात दी। नाहिद हसन को 1,31,035 वोट मिले थे, जबकि मृगांका सिंह को 1,05,148 वोट हासिल हुए थे। इस दौरान जीत का अंतर 25,887 वोटों का रहा।
अमरोहा विधानसभा सीट: महबूब अली की लगातार तीन चुनावों में जीत
अमरोहा जिले की अमरोहा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने महबूब अली को उम्मीदवार घोषित किया है। महबूब अली इस सीट से मौजूदा विधायक हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो अमरोहा सीट पर समाजवादी पार्टी का लगातार दबदबा रहा है। साल 2012, 2017 और 2022 तीनों चुनावों में महबूब अली ने जीत दर्ज की है।
2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार महबूब अली ने जीत हासिल की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राम सिंह को 21,805 वोटों से हराया था। महबूब अली को 60,807 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के राम सिंह को 39,002 वोट हासिल हुए थे। 2017 में भी अमरोहा सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा बरकरार रहा। सपा के महबूब अली ने बसपा के नौशाद अली को 15,042 वोटों से हराया था। महबूब अली को 74,713 वोट मिले थे, जबकि नौशाद अली को 59,671 वोट हासिल हुए थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में महबूब अली ने एक बार फिर जीत दर्ज की। इस बार उन्होंने भाजपा के राम सिंह को 71,036 वोटों के बड़े अंतर से हराया। महबूब अली को 1,28,735 वोट मिले थे, जबकि राम सिंह को 57,699 वोट हासिल हुए थे।
ललितपुर विधानसभा सीट: भाजपा ने दो बार लगातार दर्ज की जीत
बुंदेलखंड क्षेत्र के ललितपुर जिले की ललितपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। बाकी चार सीटों की तुलना में इस सीट का पिछला चुनावी रिकॉर्ड अलग रहा है। यहां पिछले तीन विधानसभा चुनावों में बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि भाजपा ने 2017 और 2022 में लगातार दो बार इस सीट पर जीत हासिल की।
2012 के विधानसभा चुनाव में ललितपुर सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने जीत दर्ज की थी। बसपा के उम्मीदवार रमेश प्रसाद कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को 11,323 वोटों से हराया था। रमेश प्रसाद कुशवाहा को 79,797 वोट मिले थे, जबकि सपा के गुड्डू राजा को 68,474 वोट हासिल हुए थे।
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ललितपुर सीट पर जीत हासिल की। भाजपा के उम्मीदवार रामरतन कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार ज्योति सिंह को 68,255 वोटों से हराया था। रामरतन कुशवाहा को 1,56,942 वोट मिले थे, जबकि ज्योति सिंह को 88,687 वोट हासिल हुए थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने बसपा के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को 1,07,215 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। रामरतन कुशवाहा को 1,76,550 वोट मिले थे, जबकि गुड्डू राजा को 69,335 वोट हासिल हुए थे। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रमेश प्रसाद को 68,597 वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे।
क्या है सपा की पहली सूची की खास बात?
पिछले तीन विधानसभा चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो बेहट और सहारनपुर में तीन अलग-अलग दलों ने जीत दर्ज की है। कैराना में 2012 के बाद लगातार दो बार सपा को जीत मिली, जबकि अमरोहा में महबूब अली ने तीनों चुनावों में जीत हासिल की। दूसरी तरफ ललितपुर में 2017 और 2022 में भाजपा ने लगातार जीत दर्ज की।
सपा की इस पहली सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चार सीटों के साथ बुंदेलखंड की एक सीट शामिल है। ऐसे में उम्मीदवारों की घोषणा के जरिए पार्टी ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी चुनावी तैयारी का संकेत दिया है। हालांकि, 2027 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर मुकाबले की तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अन्य राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा, गठबंधन की स्थिति और चुनावी मुद्दों के सामने आने के बाद ही इन सीटों की राजनीतिक तस्वीर और साफ होगी।