Solan News: जिला सोलन की ग्राम पंचायत पट्टा बरावरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। कांग्रेस कमेटी सोलन के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी डीडी कश्यप की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन के भीतर पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर नाराजगी जताई गई।
बैठक में करीब 25 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग चार वर्षों से कसौली क्षेत्र की मासिक बैठकों में पंचायत के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है। ये मासिक बैठकें धर्मपुर स्थित मनसा माता मंदिर में आयोजित की जाती हैं।
विधायक के दौरों की सूचना न देने पर भी जताया रोष
कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल मासिक बैठकें ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में विधायक के दौरों और अन्य पार्टी कार्यक्रमों की जानकारी भी उन्हें नहीं दी जाती है। इससे जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम करने वाले सक्रिय कार्यकर्ताओं में निराशा है।
पुराने कार्यकर्ताओं को मिले उचित सम्मान: डीडी कश्यप
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीडी कश्यप ने कहा कि वह पिछले 58 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और दो बार बीडीसी सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक पार्टी को मजबूत करने के बावजूद पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी होना बेहद चिंताजनक है। कश्यप ने संगठन में वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान तथा भागीदारी देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष सुखराम (जो तीन बार पंचायत प्रधान रह चुके हैं), पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल, दीना नाथ गर्ग, प्रेम चंद कश्यप, लेखराम रघुवंशी, राकेश कुमार, रूप राम, अनिल, जय सिंह, मनसा राम, विरेंद्र कुमार और प्रकाश चंद सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।