Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को जरूरी सहायता देने के लिए कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों विभागों को सभी जिलों से जमीनी स्तर पर रिपोर्ट जुटाने और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने को कहा गया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार किसानों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है और हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।”
राज्य के कई जिलों में हाल में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के कारण रबी फसलों की बुआई की तैयारी प्रभावित हुई है। धान की कटाई पूरी होने के बाद रबी फसलों की बुआई शुरू होने वाली थी।
खेतों में खड़ी है करीब 40 फीसदी धान की फसल
कृषि विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि किसानों को चिंता है कि खेतों में खड़ी धान की फसल बारिश से खराब हो सकती है। उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में अधिकांश स्थानों पर धान की कटाई अभी पूरी नहीं हुई है। करीब 40 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है या कटाई के बाद सुखाने के लिए खेतों में रखी हुई है।
अधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण कटाई के बाद रखे गए धान के बंडल और पुआल भी भीग गए हैं। लंबे समय तक नमी रहने से इनके सड़ने और फसल की गुणवत्ता खराब होने की आशंका है।