राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले लगे विवादित पोस्टर, झारखंड के मुद्दों को लेकर साधा गया निशाना

Share

- Advertisement -

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले प्रयागराज दौरे से ठीक पहले शहर में विवादित पोस्टर लग गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए झारखंड के छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

शहर के मुख्य चौराहों पर लगे एक पोस्टर पर लिखा है, ‘जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए’। वहीं दूसरे पोस्टर में लिखा गया है, ‘जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय तो राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए।’ एक अन्य पोस्टर पर ‘कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है’ लिखा है।

इन सभी पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर भी साफ दिखाई दे रही है। एक पोस्टर पर ‘नीट पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज वाउ, झारखंड छी’ लिखकर तंज कसा गया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि इन पोस्टरों को किस व्यक्ति या संगठन ने लगाया है।

राहुल गांधी के स्वागत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पूरे शहर में कई बैनर और पोस्टर लगाए हैं। वहीं विरोधी पक्ष द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों के बाद शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया है। बारिश के बाद मौसम ठंडा होने के बावजूद राजनीतिक हलचल से शहर का माहौल काफी गर्म हो गया है।

राहुल गांधी शनिवार को छात्रों और युवाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर संवाद करने के लिए ‘गूंज’ कार्यक्रम के तहत प्रयागराज पहुंच रहे हैं। अपने इस कार्यक्रम के दौरान वह नीट पेपर लीक और देश में बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर विषयों पर युवाओं से सीधी बातचीत करेंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News