Bilaspur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिन के प्रवास पर हिमाचल प्रदेश पहुंच गई हैं। दिल्ली से चंडीगढ़ एयरपोर्ट और फिर हेलीकॉप्टर के माध्यम से वे बिलासपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने एम्स के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और सफल डॉक्टरों को डिग्रियां वितरित कीं।
दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने 92 प्रशिक्षुओं को उपाधियां प्रदान कीं। इनमें एमबीबीएस, एमडी-एमएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल रहे। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच होनहार छात्रों को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल देकर सम्मानित भी किया गया।
इससे पहले हेलीपैड पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने नेताओं को फूलों का गुच्छा भेंट किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में उपाधि पाने वाले सभी छात्र-छात्राओं के साथ यादगार ग्रुप फोटो खिंचवाया।
बिलासपुर का कार्यक्रम पूरा करने के बाद राष्ट्रपति कुल्लू-मनाली के लिए रवाना होंगी। वे 8 अक्टूबर तक मनाली में ही प्रवास करेंगी। सुरक्षा कारणों से इस दौरान लगभग 16 घंटे तक अटल टनल बंद रखी जाएगी। इस अवधि में आम नागरिकों और पर्यटकों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंगलवार को बिलासपुर एम्स में ओपीडी सेवाएं स्थगित रखी गई हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह चालू रखी हैं। इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।