इस्राइल में सत्ता की नई पेशकश, नेतन्याहू खुद छोड़ सकते हैं प्रधानमंत्री की कुर्सी

Share

- Advertisement -

Israel News: इस्राइल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक खींचतान जारी है और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अब सत्ता साझा करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने विपक्षी नेता और याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजेनकोट को रोटेशन व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव देने की तैयारी की है।

प्रस्ताव क्या है और किसकी क्या प्रतिक्रिया है

द टाइम्स ऑफ इस्राइल की रिपोर्ट के अनुसार, चैनल 13 ने दावा किया है कि नेतन्याहू इस सत्ता साझेदारी के प्रस्ताव की घोषणा करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के बीच इस प्रस्ताव को लेकर मतभेद हैं। सार्वजनिक प्रसारक कान के मुताबिक, यह प्रस्ताव अनौपचारिक माध्यमों से आइजेनकोट तक पहुंचाया जा सकता है, ताकि लिकुड पार्टी जरूरत पड़ने पर इससे दूरी बना सके।

गादी आइजेनकोट नेतन्याहू के प्रस्तावों को लेकर आशंकित हैं और अगले सप्ताह तक नई सरकार बनाने की तैयारी जारी रखे हुए हैं। उन्होंने अपने संभावित सहयोगियों यायर गोलान और अविगदोर लिबरमैन को भरोसा दिलाया है कि उनकी मंजूरी के बिना लिकुड के साथ एकता सरकार नहीं बनाई जाएगी। यायर गोलान की डेमोक्रेट्स पार्टी और अविगदोर लिबरमैन की यिस्राएल बेतेनु पार्टी ने याशार के साथ गठबंधन समझौते किए हैं और दोनों नेता पहले ही नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।

बातचीत में कहां अटकी बात

आइजेनकोट ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों पक्षों के बीच दो सप्ताह में पांच बैठकें हुईं, लेकिन लिकुड पार्टी ने कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया और प्रमुख मुद्दों पर समझौता करने की इच्छा भी नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेतन्याहू की पार्टी जानबूझकर बातचीत में देरी कर रही है, ताकि विपक्षी गठबंधन में फूट डाली जा सके और देश में दोबारा चुनाव कराने की स्थिति पैदा हो।

आइजेनकोट के मुताबिक, बातचीत में तीन प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई। इनमें सरकार से दक्षिणपंथी दलों को बाहर करना, 7 अक्तूबर 2023 के हमले की जांच के लिए राज्यस्तरीय आयोग बनाना और अधिक लोगों के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य करने वाला कानून पारित करना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि उनके गठबंधन ने न्यायिक सुधार और प्रस्तावित जांच आयोग के मुद्दे पर महत्वपूर्ण समझौते करने की पेशकश की थी, लेकिन लिकुड पार्टी ने कोई ठोस पहल नहीं की।

लिकुड पार्टी ने आइजेनकोट के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह दोहरी रणनीति अपना रहे हैं। लिकुड के मुताबिक, आइजेनकोट पहले से ही एक वैकल्पिक गठबंधन बनाने में जुटे हैं, मंत्रियों के विभाग बांट रहे हैं और अरब दलों के समर्थन से सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। लिकुड ने इन अरब दलों को आतंकवाद का समर्थक भी बताया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News