परिसीमन बिल पर खड़गे का आखिरी दांव, विपक्षी दलों को एकजुट करने की बड़ी कोशिश

Share

- Advertisement -

New Delhi News: संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए शनिवार को अपने आवास पर फ्लोर नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सरकार की योजना को नाकाम करने की संयुक्त रणनीति पर चर्चा होगी।

शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे होगी बैठक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों को एकजुट रखने के लिए अपना आखिरी दांव चला है। उन्होंने समान विचारधारा वाले और तटस्थ रहने वाले प्रमुख दलों को बैठक का निमंत्रण भेजा है। शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे राजाजी मार्ग स्थित उनके आवास पर विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक होगी। इस बैठक का उद्देश्य सरकार के कदम के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार करना है। बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों के साथ-साथ डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजेडी के नेताओं को बुलाया गया है। ये वो विपक्षी दल हैं, जो फिलहाल किंगमेकर की भूमिका में हैं। खड़गे ने इस अहम रणनीति बैठक के लिए डीएमके, आम आदमी पार्टी, एनसीपी (एसपी) और ओडिशा के प्रमुख दल बीजू जनता दल सहित तमाम विपक्षी नेताओं को न्योता भेजा है। कांग्रेस की कोशिश है कि सदन में वोटिंग से पहले इन दलों के मन में चल रही दुविधा को दूर किया जाए और एक साझा रणनीति तैयार की जाए। कांग्रेस परिसीमन बिल पर सरकार की कोशिशों के खिलाफ अब आर-पार के मूड में आ गई है। सबसे बड़ी चुनौती डीएमके, बीजेडी, आम आदमी पार्टी और एनसीपी (शरद पवार) हैं। अगर कांग्रेस इन पार्टियों को मनाने में कामयाब होती है तो सरकार का गेम बिगड़ सकता है, लेकिन सरकार जिस तरह से मूड दिखा रही है, उससे साफ लग रहा है कि वह पूरी तरह से तैयार होकर आई है।

अप्रैल के बाद बदल गया संसद का समीकरण

अप्रैल 2026 में जब मोदी सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन बिल लाई थी, तब विपक्ष की मजबूत एकजुटता के कारण यह लोकसभा में गिर गया था। लेकिन पिछले सात महीनों में संसद का नंबर गेम काफी बदल चुका है। विपक्षी खेमे की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी टीएमसी टूट चुकी है और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के छह सांसद टूट चुके हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। दक्षिण भारत की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के संभावित नए फॉर्मूले पर डीएमके ने वेट एंड वॉच का रुख अपनाया है, यानी बिल का मसौदा देखने के बाद फैसला होगा। इसी तरह से शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले के नरम बयान ने भी कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। ओडिशा की पार्टी बीजेडी अक्सर संसद में मुद्दों के आधार पर तटस्थ या सरकार के पक्ष में रुख अपनाती रही है। ऐसे में खड़गे का बीजेडी को निमंत्रण भेजना विपक्ष का दायरा बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने के साथ-साथ राज्यसभा में आप के सांसदों के झटके ने विपक्ष के संख्याबल को पहले के मुकाबले कमजोर किया है। ऐसे में कांग्रेस इस कोशिश में जुट गई है कि विपक्ष के जिन दलों के तेवर बदल रहे हैं, उनमें से कुछ को अपने साथ फिर से बनाए रखा जा सके।

दो-तिहाई बहुमत के लिए कितने वोट चाहिए

540 प्रभावी सदस्यों वाली लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत है। एनडीए के पास फिलहाल करीब 319 से 321 सांसद हैं, यानी सरकार को अभी भी लगभग 39 से 41 अतिरिक्त वोटों की दरकार है। ऐसे में डीएमके के 22 सांसदों और दक्षिण के अन्य क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिलने से सरकार के लिए न केवल लोकसभा बल्कि राज्यसभा में भी नंबर गेम साधना बेहद आसान हो सकता है। राज्यसभा में एनडीए के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में कुल 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से एनडीए अभी 11 वोट पीछे है। अप्रैल से लेकर नवंबर आते-आते मौसम के साथ सियासी मिजाज और संसद का समीकरण भी बदल गया है। टीडीपी से लेकर वाईएसआर कांग्रेस और बीआरएस के साथ आने से दो-तिहाई का नंबर हासिल कर सकती है। शरद पवार की पार्टी का भी सुर बदला हुआ नजर आ रहा है। तमिलनाडु में सत्ता बदलने के साथ ही डीएमके का तेवर भी बदल गया है, जिसके चलते ही सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार बाकी बचे वोटों के लिए डीएमके के 22 सांसद और शरद पवार गुट के 8 सांसद जैसे क्षेत्रीय दलों के समर्थन की उम्मीद कर रही है। अगर कांग्रेस डीएमके के 22 सांसद, शरद पवार गुट के 8 सांसद और अन्य विपक्षी दलों को सरकार के साथ जाने से रोकने में कामयाब रहती है, तो लोकसभा में सरकार के लिए 360 का जादुई आंकड़ा छूना बेहद मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में अब सबकी नजरें मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर होने वाली बैठक और उसमें शामिल होने वाले दलों के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News