चीन की मदद से पाकिस्तान बढ़ा रहा अंतरिक्ष क्षमता, भारत को मजबूत करनी होगी ताकत: सीडीएस

Share

- Advertisement -

New Delhi News: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष और निगरानी क्षमता बेहतर हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत को यह मानकर रणनीति बनानी होगी कि चीन की तकनीकी क्षमताओं का लाभ पाकिस्तान को भी मिल सकता है। सीडीएस ने भारत की उपग्रह क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

शुक्रवार को नई दिल्ली में विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के कार्यक्रम ‘फ्यूचर ऑफ वॉरफेयर एंड इंडियाज़ प्रिपेयर्डनेस टू कंडक्ट मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस’ में सवालों के जवाब देते हुए सीडीएस ने कहा कि पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको भी अपनी क्षमता विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत को यह भी मानकर चलना होगा कि तुर्किये भी इसमें मदद कर सकता है। सीडीएस के अनुसार चीन की इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉनिसेंस (आईएसआर) और पोजिशन, नेविगेशन एंड टाइमिंग (पीएनटी) क्षमताएं पाकिस्तान को उपलब्ध हो सकती हैं। इससे पाकिस्तान की निगरानी और सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने की क्षमता बेहतर हो सकती है।

एसबीएस-3 से बढ़ेगी भारत की निगरानी क्षमता

सीडीएस ने कहा कि भारत अपनी तकनीकी तैयारी मजबूत करने के लिए अधिक उपग्रह बनाने और उन्हें अंतरिक्ष में लॉन्च करने की गति बढ़ाने पर काम कर रहा है। इसमें निजी क्षेत्र की कंपनियों को भी शामिल किया जा रहा है। उन्होंने स्पेस-बेस्ड सर्विलांस के तीसरे चरण (एसबीएस-3) का उल्लेख किया, जिसके तहत 52 सैन्य उपग्रह लॉन्च किए जाएंगे। अक्टूबर 2024 में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी ने इस कार्यक्रम के लिए 26,968 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी थी। सीडीएस ने कहा कि भारत का उद्देश्य चीन के बराबर उपग्रहों की संख्या हासिल करना नहीं है, बल्कि सीमाओं की निगरानी के लिए पर्याप्त क्षमता विकसित करना है। इसके लिए उपग्रह के दोबारा किसी क्षेत्र के ऊपर से गुजरने के बीच का समय कम करना जरूरी है।

सीडीएस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान वायुसेना के पायलट मोहम्मद जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान से रवाना हुए थे। वह चीन के अंतरिक्ष स्टेशन तियांगोंग जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री हैं। सीडीएस ने कहा कि भारत चीन के साथ हथियारों की होड़ में शामिल नहीं होना चाहता, बल्कि नाविक (NavIC), एसबीएस-3 और जीसैट-7 जैसे उपग्रह समूहों के उपयोग पर ध्यान दे रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News