New Delhi News: भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में पाकिस्तान की बढ़ती क्षमता को लेकर सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता लगातार बेहतर हो रही है और तुर्की से भी उसे सहयोग मिलने की संभावना है। ऐसे में भारत को अपनी तैयारियों को और मजबूत करना होगा।
चीन और तुर्की की मदद से बढ़ती क्षमता
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने साफ कहा कि चीन के सहयोग से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता में सुधार हो रहा है। पाकिस्तान का संगठन सुपारको भी अपनी काबिलियत बढ़ाने पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह मानकर चलना होगा कि पाकिस्तान को तुर्की से भी मदद मिलेगी। चीन के पास आईएसआर, पोजीशन, नेविगेशन और टाइमिंग के क्षेत्र में जो क्षमताएं हैं, वे पाकिस्तान को भी मिलेंगी। इसलिए भारत को अपनी रणनीति में इस बात को शामिल करना होगा। इससे पाकिस्तान की आईएसआर क्षमता पहले से बेहतर हो जाएगी।
भारत अपनी ताकत बढ़ाने पर देगा जोर
सीडीएस ने जोर देकर कहा कि इन बातों को ध्यान में रखते हुए भारत को अपनी खुद की क्षमताएं बढ़ाने पर फोकस करना होगा। उन्होंने बताया कि जब स्पेस बेस्ड सर्विलांस फेज-3 यानी एसबीएस-3 आएगा, तो इससे भारत की ताकत काफी हद तक बढ़ जाएगी। साथ ही, भारत ज्यादा सैटेलाइट बनाने और उन्हें लॉन्च करने के तरीकों पर भी काम कर रहा है। इसके लिए प्राइवेट सेक्टर के उद्यमियों के साथ मिलकर कदम उठाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा अब सबकी जिम्मेदारी
इससे पहले एक कार्यक्रम में सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा था कि आज के समय में राष्ट्रीय सुरक्षा सिर्फ सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी नहीं रह गई है। सरकार, इंडस्ट्री, टेक कम्युनिटी, एकेडमिया और पूरा समाज इसमें बराबर का रोल निभाते हैं। उन्होंने बताया था कि आसपास का सुरक्षा वातावरण बहुत तेजी से बदल रहा है। खतरों का स्वरूप बदल रहा है, तकनीक की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और युद्धक्षेत्र की सीमाएं भी फैल रही हैं। इसलिए तैयारी का तरीका भी बदलना जरूरी है।