Patna News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हालिया बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पटना के एक कार्यक्रम में खरगे द्वारा की गई टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा एतराज जताया है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि खरगे ने यह बात प्रधानमंत्री मोदी के वैचारिक संगठन यानी आरएसएस के संदर्भ में कही थी।
कांग्रेस का आरोप है कि पटना में सभा के दौरान भाजपा समर्थक ने खरगे के दिवंगत पिता का अपमान किया था। पार्टी ने कहा कि बीते कुछ महीनों में खरगे का दूसरी बार अपमान हुआ है। इससे पहले अगस्त महीने में उत्तराखंड रैली के बाद विरोधियों ने कार्यक्रम स्थल का तथाकथित शुद्धिकरण करने जैसा गलत काम किया था।
पटना के कार्यक्रम में विवादित बयान पर मचा बवाल
दरअसल पटना के एक कार्यक्रम में जब खरगे भाषण दे रहे थे, तब एक व्यक्ति ने बीच में टोकते हुए कहा कि विद्रोह के बिना मोदी नहीं हटेंगे। इस पर खरगे ने पलटवार करते हुए विवादित टिप्पणी कर दी। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित और सड़क छाप भाषा करार देते हुए कांग्रेस की तीखी आलोचना की।
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भाजपा के हमलों का जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्शक दीर्घा से खरगे के पिता को लेकर गलत टिप्पणी की गई थी। इसके जवाब में खरगे ने प्रधानमंत्री के वैचारिक संरक्षक यानी आरएसएस का उल्लेख किया। उन्होंने भाजपा पर वरिष्ठ नेता के लगातार अपमान का आरोप लगाया।