मानहानि मामले में राहुल गांधी के बरी होने पर बोलीं प्रियंका गांधी, ‘सत्य को दबाया नहीं जा सकता’

Share

- Advertisement -

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर एमपी-एमएलए अदालत द्वारा मानहानि मामले में राहुल गांधी को बरी किए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनके भाई के खिलाफ असत्य का अभियान चलाया गया, लेकिन सत्य हमेशा सामने आता है। उन्होंने राहुल गांधी के धैर्य और संघर्ष की सराहना करते हुए इसे सत्य की जीत बताया।

उत्तर प्रदेश की एक विशेष अदालत द्वारा 2018 के मानहानि मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बरी किए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके भाई जिस तरह असत्य के चौतरफा हमले के खिलाफ मजबूती से डटे रहे, उसके लिए अपार साहस, दृढ़ता और एक सच्चे योद्धा जैसी लगन की आवश्यकता होती है।

प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी की सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई उस पोस्ट पर यह बात कही, जिसमें राहुल गांधी ने अदालत के फैसले के बाद सिर्फ ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ लिखा था। उल्लेखनीय है कि सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने सोमवार को राहुल गांधी को 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ की गई एक कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि के मुकदमे में सभी आरोपों से बरी कर दिया था।

छवि खराब करने के लिए खर्च किए गए संसाधन: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोशल मीडिया पर कहा कि सत्य को लंबे समय तक दबाकर नहीं रखा जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी की छवि को नुकसान पहुंचाने, उन्हें बदनाम करने और निडरता से सच बोलने के कारण उन पर बेबुनियाद मामले थोपने के लिए एक सुनियोजित अभियान के तहत भारी संसाधन खर्च किए गए।

कांग्रेस महासचिव ने अपने बयान में आगे कहा कि असत्य के इतने बड़े हमले का सामना जिस अडिगता के साथ राहुल गांधी ने किया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि एक-एक करके सभी झूठे आरोप खारिज होंगे और सत्य पूरी मजबूती के साथ सामने आएगा। उन्होंने इसे केवल शुरुआत बताया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News