कंगना रनौत के कड़े बयानों पर भड़का बीडीओ संघ, कहा- सांसद निधि के कार्यों पर अधिकारियों का अपमान सहना मुमकिन नहीं

Share

- Advertisement -

Mandi News: मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद गहरा गया है। दो दिन पहले दिशा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर जताई गई नाराजगी पर अब खंड विकास अधिकारी संघ ने सख्त ऐतराज दर्ज कराया है। संघ ने समीक्षा के नाम पर अभद्र भाषा और व्यवहार की कड़ी निंदा की है।

हिमाचल प्रदेश खंड विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष जी.सी. पाठक और महासचिव गौरव धीमान ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का जवाबदेही मांगना बिल्कुल सही है। लेकिन अधिकारियों को खड़ा रखकर उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाना और मनोबल गिराना पूरी तरह अनुचित है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और दिशा समिति के गरिमापूर्ण मंच के खिलाफ है।

संघ ने सांसद निधि के आंकड़े साझा कर दावों को खारिज किया। मंडी जिले में स्वीकृत 511.71 लाख रुपये के 237 कार्यों में से 68 कार्य पूरे हो चुके हैं। 143 कार्यों पर काम चल रहा है और सिर्फ 26 कार्य रुके हैं। यानी लगभग 89 प्रतिशत काम या तो पूरे हो चुके हैं या प्रगति पर हैं।

इसके अलावा बीडीओ दफ्तरों से जुड़े 212 कार्यों में से 57 पूरे, 142 जारी और 13 अप्रारंभ हैं। संघ के मुताबिक 94 फीसदी कामों पर कार्रवाई शुरू है। देरी के कई व्यावहारिक कारण हैं। इस साल 72 नए काम स्वीकृत हुए, जिनमें से 56 अप्रैल में मिले। साथ ही ई-साक्षी पोर्टल में बदलाव से तकनीकी समस्याएं आईं।

संघ ने आगे बताया कि जमीन, वन अनुमति, एनओसी, कोर्ट केस और पंचायत विवादों के कारण भी काम अटकते हैं। अधिकारियों ने बीते साल प्राकृतिक आपदा में दिन-रात राहत कार्य किया था। पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने और 2026 के पंचायत चुनाव आचार संहिता से भी काम प्रभावित हुआ। संघ ने चेतावनी दी कि अभद्र व्यवहार दोहराने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News