Hamirpur News: संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के मौके पर आयोजित कलश वंदन यात्रा नादौन के ढगोह में संपन्न हो गई। लगभग 750 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद इस यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान आयोजित भव्य कार्यक्रम में सांसद अनुराग ठाकुर और भाजपा नेता शामिल हुए।
नादौन में आयोजित कार्यक्रम में संत समाज और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य जातिवाद को खत्म कर समाज का उत्थान करना है। भारतीय जनता पार्टी संत रविदास जी के विचारों को देश भर में पहुंचाएगी। इसके लिए अगले सात महीनों तक विशेष अभियान चलाने का लक्ष्य तय किया गया है।
यह यात्रा शनिवार को ऊना पहुंची थी, जहां सांसद अनुराग ठाकुर मौजूद रहे। रविवार को यात्रा नादौन के ढगोह पहुंची। संत रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में साल भर कार्यक्रम चलेंगे। पांच चरणों में ये आयोजन होंगे, जिनमें राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला व मंडल स्तर पर कार्यक्रम और छात्र संपर्क अभियान शामिल हैं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यात्रा का मकसद जातिवाद से ऊपर उठकर समाज हित करना है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह ने बताया कि काशी से समरसता संकल्प अभियान शुरू हुआ था। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय से संत रविदास जी के संदेश को कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा।