Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायतों में वर्षों से जारी पंचायत चौकीदार व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। सरकार ने पंचायत चौकीदार श्रेणी के 566 खाली पदों को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही इस पूरे कैडर को अब डाइंग घोषित कर दिया गया है।
पंचायती राज विभाग ने जारी की आधिकारिक अधिसूचना
पंचायती राज विभाग के सचिव सी पालरासु ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। यह आदेश पूरे राज्य में तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं। यह फैसला 20 जुलाई को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के मद संख्या-61 के तहत लिया गया था। कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह आदेश जारी हुआ है।
चौकीदारों के सेवानिवृत्त होने पर मल्टी टास्क वर्कर संभालेंगे काम
सरकार के इस आदेश के बाद अब भविष्य में ग्राम पंचायतों में पंचायत चौकीदार के पद पर कोई नई भर्ती नहीं होगी। जो 566 पद वर्तमान में खाली थे, उन्हें पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। भविष्य में पंचायत चौकीदारों के सेवानिवृत होने के बाद उनके स्थान पर मल्टी टास्क वर्करों की सेवाएं ली जाएंगी।