कानपुर में सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार

Share

- Advertisement -

Kanpur News: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन के बाद नानाराव पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर तुष्टीकरण, घुसपैठियों को संरक्षण देने और पूर्ववर्ती सरकारों में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कानपुर और प्रदेशवासियों को करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी। दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री सबसे पहले ऐतिहासिक तीर्थ स्थल बिठूर पहुंचे, जहां उन्होंने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने नानाराव पार्क में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।

विपक्ष पर तीखा हमला: ‘छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार’

नानाराव पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर सीधा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि इस समय देश के अंदर ‘दो मियां’ सक्रिय हैं—एक छोटे मियां और एक बड़े मियां। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों को घुसपैठियों से गहरा लगाव है। सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष विदेशी घुसपैठियों को गले लगाता है, जबकि देश के दलितों, वंचितों, गरीबों, युवाओं और अन्नदाता किसानों का निरंतर अपमान करता है।

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख पर सवाल दागते हुए पूछा कि अखिलेश यादव को बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्रेम क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन करते हैं और अपने ही देश व प्रदेश के नागरिकों को घुसपैठिया बताकर अपमानित करने का काम कर रहे हैं।

पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर सवाल, दंगाइयों के संरक्षण का आरोप

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शासन करने का अवसर मिला, लेकिन उनके राज में किसान आत्महत्या करने को मजबूर था और गरीब भूख से बेहाल था। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरियां नहीं मिलती थीं और उनके हक पर डकैती डाली जाती थी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में थी और कानून-व्यवस्था बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी थी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में गुंडे व्यापारियों और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे करते थे और अराजकता फैलाने वाले दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अराजकता, अंधेरा और जनता के अधिकारों पर डकैती को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया था और जिनके लिए परिवार ही पूरा प्रदेश बन चुका था, वे कभी राज्य का समग्र विकास नहीं करा सकते।

संवैधानिक संस्थाओं के अपमान और तुष्टीकरण पर घेरा

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण, परिवारवाद और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत की निरंतर उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश में जो तांडव किया था, आज वे फिर राज्य को उसी अराजकता के दौर में धकेलना चाहते हैं। सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करता है और न्यायालयों के फैसलों तक का अनादर करता है। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास, सुरक्षा और जनहित की योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Read more

Related News