हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के खिलाफ बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल के नेतृत्व में निकाला गया विरोध मार्च

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। शिमला में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसी ऑफिस से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया।

सुक्खू सरकार पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप

इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने और प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सुक्खू सरकार बीजेपी नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर दुर्भावना से प्रेरित होकर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है।

प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का बीजेपी का दावा

बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस और प्रशासनिक एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं की निगरानी और फोन टैप कराए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिससे हत्या, गोलीबारी, चोरी, डकैती, अपराध और चिट्टा माफिया की गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

भ्रष्टाचार और वादों की वादाखिलाफी पर घेराव

बीजेपी का दावा है कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर पटवारी स्तर तक भ्रष्टाचार फैल चुका है। पार्टी आगामी विधानसभा सत्र में इन तमाम मामलों को दस्तावेजों के साथ उठाएगी। बीजेपी मानसून सत्र में भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून-व्यवस्था, आपदा राहत कार्यों, पेंडिंग देनदारियों, पेंशन लाभों और युवाओं को एक लाख नौकरियां देने जैसे वादों पर सुक्खू सरकार से जवाब मांगेगी।

बदहाल सड़कों और अधूरी आपदा राहत का उठेगा मुद्दा

विधानसभा सत्र के दौरान बीजेपी बदहाल सड़कों, बिजली-पानी की किल्लत और मानसून की तैयारियों पर सरकार को घेरेगी। इसके अलावा 2025 की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के अधूरे पुनर्वास और इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। बीजेपी का कहना है कि वे जनहित के इन तमाम मुद्दों पर सरकार को बेनकाब करते रहेंगे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News