Nandurbar News: महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता विजय चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई एक विवादित ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद हुई है। नंदुरबार पुलिस की क्राइम ब्रांच ने धुलिया रोड से उन्हें देर रात हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी विजय चौधरी की मेडिकल जांच कराई है। क्राइम ब्रांच शुक्रवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करेगी। विवादित ऑडियो सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें उत्तर महाराष्ट्र के संयोजक पद से इस्तीफा देने का निर्देश दिया था, जिसके बाद उन्होंने पद छोड़ा था।
नंदुरबार पुलिस ने बताया कि ऑडियो क्लिप में भाजपा की पूर्व सांसद हीना गावित और अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। पूर्व सांसद हीना गावित के चचेरे भाई की शिकायत पर पुलिस ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वायरल क्लिप में अनुसूचित जनजाति समाज से आने वाली महिला नेता के खिलाफ अमर्यादित शब्द बोले गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो में केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे, एकनाथ खडसे और रोहिणी खडसे के खिलाफ भी कथित टिप्पणियां मौजूद हैं।
जांच एजेंसी अभी ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता और स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्लिप को किसने रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर किसने फैलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी विजय चौधरी की आवाज का सैंपल लेकर फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
दूसरी ओर विजय चौधरी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि एआई तकनीक का इस्तेमाल करके फर्जी ऑडियो बनाया गया है और उनकी आवाज का गलत इस्तेमाल हुआ है। हालांकि पार्टी आलाकमान ने आदिवासी नेता से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया है।
विवादित क्लिप सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य दलों के नेताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। शिवसेना विधायक अमाशा पदवी ने भी विजय चौधरी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। नंदुरबार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी चौधरी के खिलाफ प्रदर्शन किया था।