Pathankot News: पठानकोट में 22 से 24 नवंबर तक चल रही बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन सुजानपुर से आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया कर रहे हैं, जबकि पंजाब AAP प्रमुख अमन अरोड़ा 23 नवंबर को इसमें शामिल हुए।
धीरेंद्र शास्त्री हाल ही में भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़े-मेढ़े’ कहने वाली टिप्पणी के कारण विवादों में आए थे। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में राजा भैया के लिए राम कथा की थी और अब वे पंजाब में हनुमंत कथा कर रहे हैं। पाकिस्तान सीमा के पास पठानकोट में यह कथा 22 से 24 नवंबर तक चल रही है।
पंजाब AAP के प्रमुख अमन अरोड़ा 23 नवंबर को कथा में शामिल हुए थे। अब AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
2027 चुनाव से पहले हिंदू मतदाताओं को साधने की रणनीति?
इस हनुमंत कथा को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हिंदू मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। AAP नेताओं की ओर से धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम कराए जाने पर पार्टी की वैचारिक लाइन और उसकी धर्मनिरपेक्ष छवि को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इससे पहले जब बाबा बागेश्वर ने राजा भैया के लिए राम कथा की थी, तो उन पर भाजपा के लिए समर्थन जुटाने का आरोप लगा था। राजा भैया को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कट्टर समर्थक माना जाता है।
बाबा बोले— सलारिया हमारे ‘यजमान’ हैं
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री का कहना है कि वे किसी खास पार्टी का समर्थन नहीं करते। उनका कहना है कि स्वर्ण सिंह सलारिया उनके ‘यजमान’ यानी मेजबान हैं, इसलिए उन्होंने यहां आने का फैसला किया।
व्यवसायी से राजनेता बने सलारिया पहले कांग्रेस में थे। वर्ष 2009 में वे भाजपा में शामिल हुए और 2024 में उन्होंने AAP का दामन थाम लिया। पंजाब की सभी प्रमुख पार्टियों और नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। यही वजह बताई जा रही है कि जब उन्होंने बाबा को कथा के लिए आमंत्रित किया, तो राज्य में किसी को हैरानी नहीं हुई।
पठानकोट में हिंदू आबादी करीब 88 फीसदी
रिपोर्ट में इस आयोजन के पीछे मूल मकसद हिंदू मतदाताओं का ध्रुवीकरण बताया गया है। एक ओर भाजपा और अकाली दल अपने गठबंधन के जरिए पंजाब में सिख-हिंदू एकता का दावा कर रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी ऐसे आयोजनों से हिंदू मतदाताओं को अपने पाले में करना चाह रही है। पठानकोट में हिंदू आबादी करीब 88 फीसदी है, इसलिए यह क्षेत्र पंजाब के अन्य हिस्सों की तुलना में हिंदू बहुसंख्यक क्षेत्र कहलाता है।
2022 में पठानकोट सीट पर भाजपा की जीत
राजनीतिक वर्चस्व की बात करें तो 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के अश्विनी कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के अमित विज को 7,759 वोटों के अंतर से हराया था। आम आदमी पार्टी के विभूति शर्मा तीसरे स्थान पर रहे थे। 1977 से अब तक हुए चुनावों में भाजपा ने इस सीट से पांच बार जीत दर्ज की है। 2022 में भाजपा ने कांग्रेस से यह सीट छीनी थी।
पठानकोट जिले के तहत तीन विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें पठानकोट सीट पर भाजपा, सुजानपुर सीट पर कांग्रेस और भोआ सीट पर आम आदमी पार्टी ने 2022 में जीत दर्ज की थी।