Rampur News: जमानत पर जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव उनकी साइकिल है और समाजवादियों को साइकिल के अलावा कुछ और नजर नहीं आता। आजम खां ने यह बयान एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान दिया।
आजम खां से जब यह सवाल पूछा गया कि उनके विरोधी समर्थकों के बीच यह बात फैला रहे हैं कि कानूनी अड़चनों की वजह से उन्हें चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा, तो उन्होंने तीखे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मुझे चुनाव लड़ने से कौन माई का लाल रोक सकता है?’
मेरा चुनाव मेरी साइकिल
बातचीत में आजम खां ने समाजवादी पार्टी से अपनी निष्ठा दोहराई। उन्होंने कहा कि उनके लिए चुनाव का मतलब साइकिल है और समाजवादी साइकिल के अलावा कुछ और देखते ही नहीं। उन्होंने कहा कि मोटर, हेलीकॉप्टर या जहाज से उनका कोई लेना-देना नहीं है, उनका जुड़ाव सीधे साइकिल से है।
पिछले दिनों एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ चली हैदराबादी बिरयानी बनाम पुलाव की जुबानी जंग पर भी आजम खां ने चुटकी ली। उन्होंने कहा, ‘अब बिरयानी भी सड़ गई और पुलाव भी सड़ गई, अब आप कुछ नया पकवान लाइए तब बात चलेगी।’ प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में जनता बेहद समझदार हो चुकी है और उसे अच्छी तरह पता है कि चुनाव में क्या फैसला लेना है।
डर के माहौल पर क्या बोले आजम खां
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जमीन कब्जे से जुड़े मामलों में लगाए जा रहे आरोपों पर आजम खां ने कहा कि एजेंसी अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जजों की टिप्पणियां सबने सुनी हैं, इसलिए उन्हें इस पर और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें किसी तरह का डर या संदेह है, तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि अगर हुक्मरान जालिम हो तो लोग डरते तो हैं। उन्होंने कहा कि यही वह डर है, जिसकी वजह से आज लोग खामोश हैं और अपने दिल की बात खुलकर नहीं बता रहे, लेकिन वे सीधे चुनाव के दिन अपना फैसला सुनाएंगे।
अंत में अपने स्वास्थ्य को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खां ने कहा कि ऊपर वाला जिस हाल में रखे, वे उसी में संतुष्ट हैं।