Lucknow News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार को अपने बेटे अब्दुल्लाह आजम के साथ रामपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह लखनऊ जाकर बात करेंगे। लखनऊ पहुंचकर वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलेंगे और गुरुवार को पार्टी के घोषणापत्र कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आजम खान अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद पहली बार लखनऊ जा रहे हैं। उनके साथ उनके बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्लाह आजम खान भी हैं। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ पहुंचने के बाद आजम खान सीधे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवास जाएंगे। जेल से बाहर आने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी।
सीट बंटवारे पर क्या बोले आजम खान
रामपुर से रवाना होने से पहले आजम खान ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उनसे 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने विस्तार से कुछ कहने के बजाय संक्षिप्त जवाब दिया और कहा, ‘जा रहे हैं, देखिए, बात करेंगे।’ उन्होंने यह भी कहा कि बड़े लोग आपस में तय कर लेंगे और बेहतर है कि यह फैसला बड़ों पर ही छोड़ दिया जाए।
आजम खान ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद मीडिया ने उन्हें लगातार कवरेज दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी पत्रकारों का आभार जताया और धन्यवाद दिया। उनके लखनऊ रवाना होने के बाद सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गुरुवार को घोषणापत्र कार्यक्रम में होंगे शामिल
आजम खान और अब्दुल्लाह आजम गुरुवार यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र विमोचन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम लखनऊ के सेंटरम होटल में दोपहर के समय आयोजित किया जाएगा। समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र को ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। इसके तहत राज्य स्तर के घोषणापत्र के साथ ही सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र जारी किए जाएंगे। लखनऊ के लिए भी एक विशेष घोषणापत्र जारी होगा, जिसमें ट्रैफिक जाम से राहत, नए फ्लाईओवर, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े वादे शामिल होंगे।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर आजम खान पहले भी अपनी बात रख चुके हैं। कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा था, ‘लाइसेंस तोप का मांगो, तो तमंचे का तो मिल ही जाएगा।’ हालांकि, उन्होंने दोनों दलों के बीच सम्मानजनक समझौता होने का भरोसा भी जताया था और कहा था कि भाजपा को रोकने के लिए अगर सपा को कुछ सीटें ज्यादा भी छोड़नी पड़ीं, तो पार्टी इसके लिए तैयार है।