सुप्रीम कोर्ट ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में गिरफ्तारियों पर सरकार से 10 दिन में जवाब मांगा

Share

- Advertisement -

National News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को केंद्र और दिल्ली सरकार से 10 दिन में जवाब दाखिल करने को कहा है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ताओं को एक सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने की छूट दी है।

सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने यह आदेश तब दिया, जब केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि हिरासत में लेने से जुड़े आरोपों को लेकर दाखिल कुछ याचिकाओं में ही हलफनामे दाखिल किए गए हैं। पीठ ने केंद्र और दिल्ली सरकार को 10 दिन में जवाब दाखिल करने को कहा। याचिकाकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि अगर वे कोई हलफनामा दाखिल करना चाहते हैं, तो वे एक सप्ताह में उसे दाखिल कर सकते हैं।

7 हजार से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर 11 अक्टूबर को होने वाले बड़े प्रदर्शन को सरकार ने विफल करने की कोशिश की थी। इसके लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया था। इनमें सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, विपक्ष के कई नेता और यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल थे।

कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को हिरासत में लेने का आरोप

वरिष्ठ अधिवक्ता गुरुस्वामी ने अपनी याचिका में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को अनुचित तरीके से हिरासत में लेने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने कहा था कि किसी भी पूर्व मुख्यमंत्री को हिरासत में नहीं लिया गया था, बल्कि उन्हें प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विरोध-प्रदर्शन स्थल से हटाया गया था।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ क्यों हुआ प्रदर्शन

बीते महीने देश भर में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कई विरोध प्रदर्शन हुए। इसकी मुख्य वजह SIR को लेकर सामने आईं खामियां और इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त के काम करने के तरीके पर उठे सवाल थे। रिपोर्ट के मुताबिक ज्ञानेश कुमार ने SIR के मुद्दे पर अन्य दो मुख्य चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की कई आपत्तियों को नजरअंदाज किया था और एकतरफा फैसले लिए थे।

रिपोर्ट सामने आते ही विपक्ष ECI और उसके समर्थन में उतरी भाजपा पर हमलवार हो गया था। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी और कुछ छात्र संगठनों ने 10 अक्टूबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन आयोजित किया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News