भाजपा ने अकाली दल को क्यों बनाया बड़ा भाई, 47 सीटों पर दावा और अमित शाह का मास्टरप्लान क्या है

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा 43 से 47 सीटों पर दावेदारी कर सकती है, जबकि शिरोमणि अकाली दल गठबंधन में बड़ा भाई बना रहेगा। पहले भाजपा 23 सीटों पर लड़ती थी, अब उसकी हिस्सेदारी करीब दोगुनी हो सकती है। मुख्यमंत्री पद अकाली दल के पास रहेगा। यह नया समीकरण दोनों दलों की बदली ताकत से जुड़ा है।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) गठबंधन में बड़ा भाई रहेगा, लेकिन सीटों के बंटवारे में भाजपा की हिस्सेदारी पहले से करीब दोगुनी हो सकती है। भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 43 से 47 सीटों पर दावेदारी कर सकती है, जो पहले 23 सीटों पर लड़ती थी।

मुख्यमंत्री पद शिअद के पास रखने और भाजपा को पहले से अधिक सीटें देने का यह संभावित समीकरण दोनों दलों की बदली राजनीतिक ताकत और चुनावी जरूरतों से जुड़ा है। अकाली दल को बड़ा भाई बनाए रखने के पीछे केवल पंजाब का राजनीतिक-सामाजिक समीकरण ही नहीं, भाजपा का राष्ट्रीय लक्ष्य भी है।

नशा खत्म करने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिसंबर 2029 तक देश से नशे की समस्या खत्म करने का लक्ष्य रखा है। पंजाब में सत्ता हासिल कर नशे के खिलाफ अभियान की कमान अपने हाथ में लेना भी भाजपा की अहम रणनीति है।

शहरी और हिंदू मतदाता आधार

भाजपा की 43 से 47 सीटों की संभावित दावेदारी के पीछे शहरी व हिंदू मतदाता आधार भी है। पठानकोट, जालंधर, होशियारपुर, फाजिल्का और शहीद भगत सिंह नगर पांच ऐसे जिले हैं, जहां हिंदू आबादी बहुमत में है। इन जिलों में कुल 26 विधानसभा सीटें हैं।

इसके अलावा गुरदासपुर, फिरोजपुर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, कपूरथला और मोहाली सात ऐसे जिले हैं, जहां हिंदू आबादी 40 प्रतिशत से अधिक है। इनमें 43 विधानसभा सीटें आती हैं। लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, पठानकोट और पटियाला जैसे शहरी प्रभाव वाले जिलों में भी भाजपा अपनी स्थिति मजबूत मानती है।

2024 के आंकड़े

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 2019 के 9.63 प्रतिशत से बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया। इसके विपरीत अकाली दल का वोट शेयर 22.45 प्रतिशत से घटकर 13.42 प्रतिशत रह गया। विधानसभा क्षेत्रों के लिहाज से भी भाजपा 23 क्षेत्रों में आगे रही, जबकि अकाली दल नौ क्षेत्रों में बढ़त में रहा। भाजपा पुराने 23 सीटों के समझौते से आगे बढ़ने के लिए इन्हीं आंकड़ों को आधार बना रही है।

गठबंधन का इतिहास

दोनों दलों का गठबंधन 1996 से सितंबर 2020 तक चला। अकाली दल का ग्रामीण और जाट सिख समुदाय में प्रभाव था, जबकि भाजपा शहरी हिंदुओं और व्यापारियों के बीच मजबूत थी। 1997 में दोनों दलों ने मिलकर 93 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2007 और 2012 में भी गठबंधन की सरकार बनी।

हालांकि 2017 में बेअदबी और बहिबल कलां-कोटकपूरा गोलीकांड के मुद्दों ने शिअद को नुकसान पहुंचाया। बाद में सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में शिअद ने एनडीए छोड़ दिया था। अब दोनों दल पुराने सामाजिक समीकरण को फिर सक्रिय करने की कोशिश में हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News