Ghaziabad News: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक गारमेंट फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मारकर नौ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियां भी इनसे पूछताछ कर रही हैं और इनकी नागरिकता तथा दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
आशुतोष गुप्ता, साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में बांग्लादेशी नागरिकों के काम करने की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने नौ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इन सभी से खोड़ा थाने में पुलिस समेत खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी, हालांकि अधिकारी इस विषय में अभी कुछ बोलने से बच रहे हैं।
खोड़ा थाना पुलिस को क्षेत्र में एक गारमेंट फैक्ट्री में कुछ बांग्लादेशियों के काम करने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने फैक्ट्री में छापामारी की और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
एलआइयू समेत खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय
इनके पकड़े जाने की सूचना के बाद एलआइयू समेत अन्य खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं और संयुक्त रूप से इनसे पूछताछ चल रही है। इन सभी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और फैक्ट्री में इन्हें रखवाने वाले ठेकेदार से भी पूछताछ चल रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों से उनके मूल निवास और नागरिकता के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले जिन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, वे सभी दर्जी का काम करते हैं। पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।