Rampur News: सपा नेता आजम खां का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने जेल के दिनों में एनकाउंटर के डर का किस्सा सुनाया है। यह वीडियो वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को दिए इंटरव्यू का है, जो उस दौर का है जब आजम सितंबर 2025 में करीब 23 महीने बाद जेल से बाहर आए थे।
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खां अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिलने के बाद अब उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। जेल से बाहर आने के बाद से ही आजम लगातार अलग-अलग मंचों से कारावास में बिताए गए अपने दिनों का जिक्र कर रहे हैं। इस बीच आजम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूं तो यह आजम का वीडियो इंटरव्यू था, जिसे वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने लिया था और यह उस दौर का है, जब आजम सितंबर 2025 में करीब 23 महीने बाद जेल से बाहर आए थे। हालांकि, इस वीडियो में उनके दिए कुछ बयानों को लेकर चर्चाएं जारी हैं।
अक्टूबर 2023 की वह रात
इंटरव्यू में आजम खां ने बताया कि अक्टूबर 2023 में एक रात जब उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया गया, तो उनके मन में अनहोनी की आशंका पैदा हुई। जेल में रहते हुए उन्हें बाहर हो रहे एनकाउंटर की खबरें मिलती थीं। बेटे से विदा लेते समय उन्होंने कहा था कि जिंदगी रही तो मिलेंगे और नहीं रही तो ऊपर मुलाकात होगी।
आजम ने बताया कि उस वक्त उन्हें लगा था कि यह उनकी और उनके बेटे की आखिरी मुलाकात है। उन्होंने जेल के उस दौर को अपने जीवन के सबसे कठिन अनुभवों में से एक बताया।
आयकर छापे और जौहर विश्वविद्यालय का किस्सा
इंटरव्यू में आजम खां ने अपने घर पर पड़ी आयकर विभाग की छापेमारी का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से उन्होंने कहा था कि दीवारें और फर्श तोड़कर देख लीजिए या बुलडोजर मंगाकर पूरा घर गिरा दीजिए। उन्होंने बताया कि टीम अपने साथ नोट गिनने की 8 से 10 मशीनें और लखनऊ से सुनार लेकर आई थी।
जौहर विश्वविद्यालय के फर्नीचर को लेकर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए आजम खां ने बताया कि वह सारा सामान जौहर विश्वविद्यालय का ही था। जेल के हालात बयां करते हुए उन्होंने कहा था कि उन्हें सामान्य जेल में नहीं, बल्कि अंग्रेजों के जमाने के फांसीघर में रखा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि ऊपरी अदालतों से ही उन्हें राहत मिली।