जहीर खान जर्मनी में शुरू करेंगे मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग ‘इक्वल’, प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष

Share

- Advertisement -

Germany News: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और 2011 विश्व कप विजेता जहीर खान जर्मनी में नई मिक्स्ड महिला-पुरुष टी20 क्रिकेट लीग ‘इक्वल’ शुरू करेंगे। इस लीग में पेशेवर पुरुष और महिला क्रिकेटर एक ही प्लेइंग इलेवन में साथ खेलेंगे। हर टीम में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी होंगे। इस पहल की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है।

शुरुआती योजना के मुताबिक इस लीग में पांच टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 12 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। हर टीम में 18 खिलाड़ी होंगे। प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष क्रिकेटर शामिल किए जाएंगे। टी20 क्रिकेट के मौजूदा नियम और खेल का स्वरूप पहले जैसा ही रहेगा। मुकाबलों को व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखने के लिए खेलने के स्पष्ट नियम, खिलाड़ियों की सुरक्षा के उपाय और स्थानापन्न खिलाड़ियों से जुड़े प्रावधान भी तय किए जाएंगे।

इस पहल की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है। इसके सह-मालिक जहीर खान और आईटी क्षेत्र के उद्यमी नागेंद्र सिद्दौतम हैं। इस लीग को जर्मन क्रिकेट महासंघ (डॉयचर क्रिकेट बंड) के साथ साझेदारी में तैयार किया जा रहा है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के एक बिल्कुल नए प्रारूप की शुरुआत करने जा रही ‘इक्वल’ में पेशेवर पुरुष और महिला क्रिकेटर एक साथ मैदान पर उतरेंगे। पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित करने की परंपरा से हटकर इसमें सभी खिलाड़ी एक ही प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इसमें एक ही स्कोरबोर्ड होगा और विजेता भी एक ही टीम बनेगी।

जहीर खान ने बताया लीग का मकसद

जहीर खान ने कहा कि क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है। उन्होंने कहा कि खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की आगे की बढ़त इस बात पर टिकी है कि इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कितनी आसानी से पहुंचाया जा सकता है। ‘इक्वल’ जैसी पहल इसी दिशा में अहम कदम हैं। इनके जरिये सभी लिंग के लोगों को खेल में हिस्सा लेने, योगदान देने और इसकी विकास यात्रा का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 2028 में क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी होने जा रही है। ऐसे में इस खेल को नए समुदायों तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर इसका दायरा बढ़ाने का अच्छा अवसर है। ‘इक्वल’ को खास बनाने वाली बात यह है कि इसमें एक पुरुष और एक महिला क्रिकेटर एक ही मैदान पर आमने-सामने मुकाबला करेंगे।

जर्मनी में क्रिकेट समुदाय को मिलेगा मंच

विश्व आर्थिक मंच की ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2026 के अनुसार, 145 अर्थव्यवस्थाओं में जर्मनी नौवें स्थान पर है। देश ने लैंगिक असमानता के अंतर को 81.7 प्रतिशत तक कम कर लिया है। ‘इक्वल’ का मकसद खेल में भागीदारी, प्रतिभाओं के विकास और प्रशंसकों की सहभागिता के नए अवसर तैयार करना भी है। पुरुषों और महिलाओं को एक ही व्यवस्था के तहत लाकर यह पहल एक समावेशी, टिकाऊ और प्रतिस्पर्धात्मक मॉडल की संभावनाएं तलाशना चाहती है, जो यूरोप में क्रिकेट के निरंतर विकास में योगदान दे सके।

जर्मन क्रिकेट महासंघ (डीसीबी) के अध्यक्ष सेवेरिन वाइस ने कहा कि जर्मनी में पहले से ही पुरुषों और महिलाओं का एक बड़ा क्रिकेट समुदाय मौजूद है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच तैयार करने में अपार संभावनाएं हैं, जो इन समुदायों को अधिक व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में एक साथ ला सकें। ‘इक्वल’ मौजूदा आधार को और मजबूत करने, अधिक लोगों को खेल से जोड़ने, स्थानीय समुदायों तक क्रिकेट पहुंचाने और इस खेल को व्यापक दर्शकों के सामने पेश करने का अवसर देता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News