Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के लोगों को राज्य में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार एम्स बिलासपुर का विस्तार करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर दौरे पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का निरीक्षण कर यह आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने एम्स के संकाय सदस्यों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय सुविधाएं देना है। इससे प्रदेशवासियों को इलाज के लिए बाहरी राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र के अंदर व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों को आकर्षित करने के लिए बेहतर वेतन और भत्ते दिए जा रहे हैं। इसके अलावा डॉक्टरों को प्रोफेसर पद पर प्रमोट करने के नियमों में भी ढील दी जा रही है।
स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जांच सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल सीटों की संख्या 320 तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य में भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी खत्म होगी।
आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए सरकार ने जीन थेरेपी और फोटोथेरेपी के क्षेत्रों में काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस संबंध में जरूरी मदद और विशेषज्ञता हासिल करने के लिए अमेरिका के डॉक्टरों के साथ बातचीत लगातार जारी है।