Delhi News: देशभर में मानसून इन दिनों भयानक तबाही मचा रहा है। अधिकतर राज्यों में लगातार मूसलाधार बारिश का दौर चालू है। तेज बारिश के कारण कई बड़े शहरों में बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसे गंभीर हालात बन चुके हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 16 से ज्यादा राज्यों में अलर्ट घोषित किया है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल है। जगह-जगह लैंडस्लाइड और क्लाउडबर्स्ट से सड़कें पूरी तरह बंद पड़ी हैं। मध्य प्रदेश से सटे इलाकों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से ईस्ट राजस्थान में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। नदियां-नाले उफान पर हैं।
मौसम विभाग ने 12 अगस्त को 16 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। IMD ने 12 और 13 अगस्त को हिमाचल तथा उत्तराखंड के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी तेज बारिश की संभावना है।
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश से वॉटरलॉगिंग और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में 12 अगस्त को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। न्यूनतम तापमान 26-27 और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यूपी में 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश की स्पीड बढ़ने की उम्मीद है। बिहार के उत्तरी और पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। ईस्ट राजस्थान में भी अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। एमपी, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने लोगों को बारिश के दौरान पूरी सावधानी के साथ बाहर निकलने की सलाह दी है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में जाने का ट्रैवल प्लान अगले कुछ हफ्तों के लिए टालने की हिदायत दी गई है। सुरक्षित रहकर किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सकता है।