Bhubaneswar News: भुवनेश्वर में विश्वास महिला समिति की आम सभा में मधु त्रिपाठी को लगातार दूसरी बार वर्ष 2026-28 के लिए निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। संस्था के 26 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस सभा में बिहार की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए विमला झा, इंदु चौधरी, सुभद्रा कुमारी और मोतीकांति सिंह को ‘सांस्कृतिक धरोहर सम्मान’ से नवाजा गया।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में विश्वास महिला समिति की आम सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में सर्वसम्मति से मधु त्रिपाठी को लगातार दूसरी बार वर्ष 2026-28 के कार्यकाल के लिए संस्था का अध्यक्ष चुना गया। सभा में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही समाज और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया गया।
चार वरिष्ठ महिलाओं को मिला ‘सांस्कृतिक धरोहर सम्मान’
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के गठन के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष अलंकरण समारोह आयोजित हुआ। इसमें बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने, उनके प्रचार-प्रसार में योगदान देने और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर चार महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समिति की वरिष्ठ सदस्य एवं सलाहकार मधु मारिक ने विमला झा, इंदु चौधरी, सुभद्रा कुमारी और मोतीकांति सिंह को ‘सांस्कृतिक धरोहर सम्मान’ प्रदान किया।
नई कार्यकारिणी और सलाहकार समिति की घोषणा
आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसके तहत:
- उपाध्यक्ष: मोतीकांति सिंह
- सचिव: नीलम सिंह
- सांस्कृतिक सचिव: रुचि भारद्वाज
- संगठनात्मक सचिव: अमिता सिंह
- कोषाध्यक्ष: मंजू भगत
- संयुक्त सचिव: अनुपमा साह
कार्यकारी समिति के सदस्यों में सुभद्रा, मीरा मिश्रा, उमा सिंह, श्वेता राय, रंजना झा, रूपम दास और रिंकू सिंह को शामिल किया गया है। वहीं सलाहकार समिति में मधु मारिक, इंदु चौधरी, विमला झा, पुनीता झा और आभा सिंह को स्थान दिया गया है।
महिला सशक्तीकरण और एकजुटता का आह्वान
अध्यक्ष पद पर पुनर्निर्वाचन के बाद मधु त्रिपाठी ने अपने संबोधन में समिति के उद्देश्यों को रेखांकित किया। उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए सभी सदस्यों से एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।