अमृतसर में आप सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल; पुरानी रंजिश में वारदात

Share

- Advertisement -

Amritsar News: पंजाब के अमृतसर स्थित चीता कलां गांव में आम आदमी पार्टी की सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई। हमले में उसका दोस्त रणजीत सिंह घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस ने पुरानी रंजिश के तहत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पंजाब के अमृतसर ग्रामीण अंतर्गत चीता कलां गांव में पुरानी आपसी रंजिश के चलते आम आदमी पार्टी (आप) की सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें तीरथ सिंह और उसका साथी रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीरथ सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रणजीत सिंह का उपचार चल रहा है।

एसएसपी (देहाती) कंवलप्रीत सिंह चाहल के अनुसार, घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। चीता कलां निवासी तीरथ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ गांव में मौजूद था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पहुंचकर अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोलियां तीरथ सिंह को लगीं, जबकि एक गोली रणजीत सिंह के पैर में लगी। अस्पताल में रणजीत सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

राजनीतिक विवाद नहीं, व्यक्तिगत रंजिश की आशंका

मृतक का परिवार स्थानीय राजनीति में सक्रिय है। तीरथ सिंह की मां गांव चीता कलां की सरपंच हैं और उसका भाई कर सिंह आम आदमी पार्टी का ब्लॉक समिति सदस्य है। हालांकि, पुलिस और परिजनों की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस वारदात के पीछे कोई राजनीतिक विवाद या गैंगवार नहीं है।

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व नशा बिक्री के विरोध को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

चार नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, सीआईए टीमें तैनात

पुलिस ने मामले की जांच के बाद चार प्रमुख आरोपियों की पहचान कर ली है। एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि गुरजंट सिंह, गुरदित सिंह, हरकीरत सिंह उर्फ हाकी और गोरा सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए और तकनीकी शाखा की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वारदात के बाद से गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

Read more

Related News