वाराणसी में तीन दिन होगा वायुसेना का भव्य एयर शो, अंतिम दिन शामिल होंगे पीएम नरेंद्र मोदी

Share

- Advertisement -

Varanasi News: भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्तूबर को भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक गंगा के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमान अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।

इस तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वायुसेना और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक कर रूपरेखा तैयार की है। इस शो में 100 से अधिक विमान और हेलीकॉप्टर हिस्सा लेंगे।

दो घंटे तक थमेगा राजघाट पुल का ट्रैफिक, नावों का संचालन रहेगा बंद

एयर शो के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए राजघाट पुल पर सड़क और रेल यातायात रोजाना दो घंटे के लिए पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इसके अलावा गंगा नदी में नावों के संचालन पर भी सुरक्षा के लिहाज से प्रतिबंध लागू रहेगा।

प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे के बीच करीब डेढ़ घंटे का मुख्य प्रदर्शन होगा। एक समय में तीन से पांच एयरक्राफ्ट हवा में करतब दिखाएंगे। इन विमानों के संचालन के लिए लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज सहित बिहार और झारखंड के हवाई अड्डों की मदद ली जाएगी।

16 अक्तूबर से नमो घाट पर आम लोगों की नो-एंट्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नमो घाट को मुख्य आयोजन स्थल बनाया गया है, जहां से एयर ट्रैफिक की निगरानी और सीधे प्रसारण का काम होगा। 16 अक्तूबर से नमो घाट पर आम जनता का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। आयोजन में 15 से 25 लाख लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान जताया गया है।

कार्यक्रम में 5,000 से अधिक वीआईपी और विशेष पर्यटक भी शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए वाराणसी पुलिस के अलावा चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। घाटों पर सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News