उत्तराखंड में मौसम की मार जारी, भारी बारिश के अलर्ट के बीच 51 सड़कें बंद

Share

- Advertisement -

Dehradun News: उत्तराखंड में मौसम की दुश्वारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए देहरादून-मसूरी मार्ग को अगले आदेश तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद कर दिया गया है। राज्य भर में बारिश के कारण 51 सड़कें ठप हैं।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून समेत 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।

राजधानी में तेज हवाओं संग बारिश, पारे में आई गिरावट

देहरादून में गुरुवार रात को अचानक मौसम का मिजाज बदला। दिनभर की उमस के बाद रात लगभग 9 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। राजपुर रोड, माजरा, आईएसबीटी और रायपुर क्षेत्र में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से लोक निर्माण विभाग की चिंता बढ़ गई है। एचओडी राजेश शर्मा ने बताया कि बंद 51 सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने का काम जारी है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश से रास्ते साफ करने के काम में दिक्कतें आ रही हैं।

जौनसार-बावर में रास्ते ठप, पोल्ट्री फार्म ढहने से नुकसान

जौनसार-बावर क्षेत्र में बारिश के कारण आठ मुख्य मोटर मार्ग बाधित हो गए थे। इनमें से पांच रास्तों को खोल दिया गया है, जबकि तीन अन्य मार्गों को बहाल करने का काम जारी है। कई संपर्क मार्ग भूस्खलन की वजह से अभी भी बंद पड़े हुए हैं।

बालूवाला ग्राम पंचायत में भारी बारिश के कारण शकुंतला देवी का पोल्ट्री फार्म ढह गया, जिससे मलबे में दबकर 200 से अधिक चूजों की मौत हो गई। पीड़िता ने मुआवजे की मांग की है। वहीं, पिछले 24 घंटों में डंगोली में सर्वाधिक 35.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News