Chennai News: चेन्नई से लगभग 70 किलोमीटर दूर परंदूर में प्रस्तावित नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रोकने के फैसले ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। इस फैसले के बाद तमिलनाडु की सत्तारूढ़ टीवीके (TVK) और मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके (DMK) के बीच तीखा राजनीतिक टकराव शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने किसानों और पर्यावरणविदों के लगातार विरोध को देखते हुए परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रोकने का फैसला किया है। विजय ने कहा कि नया एयरपोर्ट किसी ऐसी जगह पर बनाया जाएगा, जहां स्थानीय लोगों को कोई आपत्ति न हो।
इससे पहले 15 अगस्त को कांचीपुरम जिले के एकानापुरम गांव की ग्राम सभा ने एक विशेष प्रस्ताव पारित करके इस प्रोजेक्ट को रद्द करने के फैसले पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद जताया था। यह ग्राम सभा 2022 से ही लगातार इस विशाल प्रोजेक्ट के विरोध में प्रस्ताव पारित कर रही थी।
विधानसभा चुनाव से पहले TVK ने इस प्रोजेक्ट का कड़ा विरोध किया था। विजय ने खुद 2025 में एकानापुरम गांव जाकर प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता दिखाई थी। तत्कालीन DMK सरकार ने 2022 में इस एयरपोर्ट की योजना बनाई थी, जिसे अप्रैल 2025 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी।
प्रोजेक्ट रुकने के बाद DMK ने TVK सरकार पर हमला बोला है। वरिष्ठ DMK नेता दुरईमुरुगन ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे बयानबाजी करने के बजाय DMK कार्यकाल की फाइलें सार्वजनिक करें। उन्होंने चेतावनी दी कि एक हफ्ते में फाइलें न खोलने पर विधानसभा में विशेषाधिकार प्रस्ताव लाया जाएगा।
सत्ता संभालने के बाद विजय सरकार ने कहा था कि वह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की चुनी गई जगह की व्यापक समीक्षा करेगी। TVK नेता CTR निर्मल कुमार ने स्पष्ट किया कि उपजाऊ कृषि भूमि और प्राकृतिक जल निकायों को बचाने के लिए नए और वैकल्पिक स्थलों की तलाश की जा रही है।