Hyderabad News: तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक सरकारी इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई की है। रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के डिविजनल इंजीनियर मुत्यम वेंकट रमना के ठिकानों पर छापेमारी में करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता चला है।
एसीबी की टीमों ने आरोपी अधिकारी के घर, दफ्तर और उनके करीबियों से जुड़े 8 स्थानों पर एक साथ तलाशी ली। जांच में अधिकारी की वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति सामने आई है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
करोड़ों के फ्लैट्स, कमर्शियल बिल्डिंग्स और रियल एस्टेट निवेश
तलाशी के दौरान सेरिलिंगमपल्ली और कुकटपल्ली में 1.23 करोड़ मूल्य के 4 फ्लैट मिले। इसके अलावा कुकटपल्ली में 1.82 करोड़ की G+3 कमर्शियल बिल्डिंग और गुट्टाला बेगमपेट में 2.90 करोड़ की G+5 इमारत मिली। अधिकारी ने पत्नी की कंस्ट्रक्शन कंपनियों के जरिए रियल एस्टेट में भारी निवेश किया था।
अंजनेया नगर और मूसापेट में लगभग 20 करोड़ के निवेश से 10 आवासीय प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे थे। इसके अलावा 52.02 लाख के बैंक डिपॉजिट, 4 करोड़ का सोना, 45 लाख की गाड़ियां, 30 लाख का सामान और 2.5 लाख रुपये की शराब की बोतलें भी जब्त की गईं।
बाजार में 100 से 150 करोड़ रुपये आंकी गई संपत्ति
एसीबी के अनुसार कागजों पर कुल संपत्ति की कीमत 27.65 करोड़ रुपये दर्ज है। हालांकि, रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार बाजार में इस पूरी प्रॉपर्टी की कुल वैल्यू 100 से 150 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है। फिलहाल अन्य संपत्तियों का सत्यापन का काम जारी है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रमना को 12 दिसंबर 2019 को भी रिश्वत लेते पकड़ा गया था। तब वह 25 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ था। उस समय भी 26.52 लाख नकदी और 22.60 लाख का सोना बरामद हुआ था, जिसमें चार्जशीट दाखिल की गई थी।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी टीम
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी इंजीनियर को हैदराबाद में एसीबी मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। एसीबी की टीम अदालत से आरोपी की न्यायिक हिरासत की मांग करेगी। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति मामले की विस्तृत जांच लगातार जारी है।