तमिलनाडु सरकार का बड़ा ऐलान: महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा, हर साल 3 गैस सिलेंडर

Share

- Advertisement -

Chennai News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में नियम 110 के तहत कई ऐतिहासिक और बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा तथा पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर देने का बड़ा फैसला किया है।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय द्वारा की गई घोषणा के अनुसार, 2 अक्टूबर से राज्यभर में ‘वेट्री यात्रा’ योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत महिलाएं सामान्य सरकारी बसों के साथ-साथ एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में भी बिना किसी शुल्क के मुफ्त सफर कर सकेंगी।

खास बात यह है कि महिलाओं के लिए इस मुफ्त बस यात्रा योजना में आय की कोई सीमा तय नहीं की गई है और न ही यात्राओं की संख्या पर कोई पाबंदी होगी। इसके अलावा 2 अक्टूबर से ‘वेट्री यवन’ योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी एक्सप्रेस और एलएसएस बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

राज्य सरकार ने आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए ‘अन्नापूरनी सुपर 6’ योजना का भी ऐलान किया है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिला मुखिया वाले परिवारों को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। यह कल्याणकारी योजना आने वाले पोंगल त्योहार से पूरे राज्य में लागू कर दी जाएगी।

इस योजना का लाभ तमिलनाडु के लगभग 1 करोड़ 30 लाख 16 हजार 104 परिवारों को मिलेगा। योजना के तहत सरकार सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर (डीबीटी) करेगी। इस पूरी योजना पर राज्य सरकार हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का बजट खर्च करेगी।

यह योजना सालाना 2.5 लाख रुपये तक की आय वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, छोटे-सीमांत किसानों और ट्रांसजेंडर परिवारों के लिए उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी युद्ध के कारण एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए यह चुनावी वादा पूरा किया जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News