आरजी कर मामला: साक्ष्य मिटाने और साजिश के आरोप में विधायक निर्मल घोष समेत तीन पर एफआईआर दर्ज

Share

- Advertisement -

Barrackpore News: आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की महिला डॉक्टर की मौत के मामले में साक्ष्य मिटाने और साजिश रचने को लेकर नई एफआईआर दर्ज की गई है. बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय ने मंगलवार सुबह बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है. मामले की जांच के लिए फाइलों को दोबारा खंगाला जा रहा है.

मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के निर्देश के बाद मृतका के पिता ने सोमवार को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर निर्मल घोष, सोमनाथ दे और संजीव मुखर्जी को नामजद किया गया है. सरकार बदलने के बाद इस मामले में प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाएं काफी तेजी से आगे बढ़ रही हैं.

बीते रविवार को मृतका की दूसरी बरसी पर उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी पहुंचे थे. उन्होंने बैरकपुर के पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित करने का आदेश दिया था. साथ ही नए सिरे से मामला दर्ज कर गहन जांच करने का निर्देश दिया था.

मुख्यमंत्री ने मृतका के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि नाटागढ़ कदमतला श्मशान घाट पर नियमों की अनदेखी की गई. शव का क्रम संख्या तीन से बदलकर एक किया गया और रात के अंधेरे में जल्दबाजी में दाह संस्कार कर दिया गया.

उन्होंने यह भी पूछा कि अंतिम संस्कार का शुल्क परिजनों से क्यों नहीं लिया गया और किसी करीबी रिश्तेदार के हस्ताक्षर क्यों नहीं कराए गए. उन्होंने तत्कालीन पानीहाटी विधायक निर्मल घोष, सोमनाथ दे और संजीव मुखर्जी की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए जांच कराने की मांग की थी.

इन संगीन आरोपों के आधार पर निर्मल घोष समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब श्मशान घाट के दस्तावेजों और वहां मौजूद लोगों के बयानों की बारीकी से जांच करेगी. यह पता लगाया जाएगा कि अंतिम संस्कार का खर्च आखिरकार किसने उठाया था.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है. नई एफआईआर में आपराधिक साजिश और सबूत नष्ट करने की धाराएं लगाई गई हैं. केंद्रीय जांच एजेंसी और अदालत की कार्रवाई के साथ राज्य पुलिस की जांच जारी रहेगी.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News