Gorakhpur News: भारतीय रेलवे में विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों की एक जैसी वर्दी से होने वाले भ्रम को दूर करने के लिए रेलवे बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर और टीटीई सहित कई संवर्गों के लिए नई वर्दी के डिजाइन और मानक तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में 18 नवंबर को कर्मचारी फेडरेशनों के साथ नई दिल्ली में बैठक होगी।
भारतीय रेलवे के फ्रंट लाइन और फ्रंट फेसिंग कर्मचारियों की पहचान अब और अधिक स्पष्ट व व्यवस्थित होगी। अलग-अलग संवर्गों के रेलकर्मियों की वर्दी में समानता के कारण यात्रियों और स्वयं कर्मचारियों के सामने आने वाले भ्रम को खत्म करने के लिए रेलवे बोर्ड ने यूनिफॉर्म के मानकीकरण और री-डिजाइनिंग की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही कर्मचारियों के लिए नए मानक और डिजाइन लागू किए जाएंगे।
सत्याग्रह एक्सप्रेस में लोको पायलट को समझा अटेंडेंट
हाल ही में गोंडा से सत्याग्रह एक्सप्रेस के जरिए गोरखपुर लौट रहे एक लोको पायलट के सामने उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एसी-टू कोच में सफर कर रहे यात्री उनसे तौलिया और तकिए का कवर मांगने लगे। लोको पायलट स्पेयर होकर अपनी आधिकारिक वर्दी में ही सफर कर रहे थे, लेकिन वर्दी में एकरूपता के कारण यात्री उन्हें कोच अटेंडेंट समझ बैठे। काफी समझाने के बावजूद जब यात्री नहीं माने, तो लोको पायलट को अपनी सीट बदलकर दूसरे केबिन में जाना पड़ा।
18 नवंबर को रेल भवन में होगी फेडरेशनों के साथ बैठक
इस तरह के भ्रम और असुविधाओं को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने पांच नवंबर को पत्र जारी कर मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों से सुझाव मांगे हैं। बोर्ड ने ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन (AIRF) और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (NFIR) के महासचिवों को 18 नवंबर को नई दिल्ली स्थित रेल भवन के पंचवटी सभागार में आयोजित बैठक में आमंत्रित किया है।
इस बैठक में लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, टीटीई, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) स्टाफ, ईसीआरसी (आरक्षण व नियंत्रण स्टाफ), नर्सिंग स्टाफ और ट्रेन क्लर्क की वर्दी के मानकीकरण और नए डिजाइनों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संगठनों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।
वर्दी अधिनियम 2004 के मानकों में सुधार की मांग
एआईआरएफ के सहायक महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी के अनुसार, वर्तमान में रेलवे में वर्दी अधिनियम 2004 लागू है। इसके तहत कई श्रेणियों के रेलकर्मियों की वर्दी लगभग एक जैसी होने के कारण पहचान में उहापोह की स्थिति बनी रहती है। फेडरेशन लंबे समय से मांग कर रहा था कि विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की अलग और स्पष्ट पहचान के लिए नए मानक तय किए जाएं।
गौरतलब है कि भारतीय रेलवे में फ्रंट लाइन कर्मियों के लिए वर्दी का प्रविधान ब्रिटिश काल से चला आ रहा है, जिसे 1951 के राष्ट्रीयकरण के बाद और अधिक व्यवस्थित किया गया था। अब रेलवे बोर्ड आधुनिक जरूरतों, भारतीय संस्कृति और स्थानीय मौसम के अनुकूल नए डिजाइन तैयार करने पर विचार कर रहा है।