Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के खिलाफ सरकार के फैसलों पर युवाओं से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए अपने नए वीडियो में कहा कि युवाओं का यह प्यार और समर्थन हमारे रिश्ते को और ज्यादा मजबूत बनाएगा।
पेपर लीक पर पीएम मोदी का युवाओं को संदेश
शुक्रवार रात जारी वीडियो में पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद का अवसर मिलना बेहद खास रहा। उन्होंने छात्रों के सकारात्मक सुझावों और समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार और देश के युवाओं का यह संबंध आगे और भी अधिक सक्रियता के साथ निरंतर बना रहेगा।
सरकार ने पांच-छह दिन पहले जारी किए नतीजे
इससे पहले गुरुवार रात जारी वीडियो में प्रधानमंत्री ने माना कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बहुत ही कष्टदायक विषय है। उन्होंने बताया कि बीते ढाई महीनों में इस समस्या से निपटने के लिए कई कठोर कदम उठाए गए हैं। दोषियों को पकड़कर जेल भेजा गया है ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके।
पीएम ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता छात्रों का एक साल खराब होने से बचाना था। इसलिए कम से कम समय में पूरी ताकत लगाकर दोबारा परीक्षा का प्रबंधन किया गया। इसके नतीजे भी पांच-छह दिन पहले जारी कर दिए गए हैं, जिससे सफल हुए छात्रों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून का मसौदा तैयार
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल परीक्षा कराने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान वाले नए कानून का मसौदा तैयार करने के निर्देश जारी किए थे। संबंधित विभागों ने देर रात मेहनत करके इस विधेयक का ड्राफ्ट पूरी तरह से तैयार कर लिया है।
इस नए मसौदे पर कैबिनेट की बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी और कैबिनेट सहयोगियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि सोमवार से शुरू हो रहे संसद के दूसरे सप्ताह के दौरान इस महत्वपूर्ण बिल को जल्द से जल्द संसद में पेश करके पारित कराया जाए।