पलवल में हथीन मोड़ पर अनियंत्रित होकर नाले में गिरी स्कॉर्पियो, हादसे में एक युवक की मौत और एक घायल

Share

- Advertisement -

Palwal News: पलवल में हथीन मोड़ के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक नई काले रंग की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरे युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।

यह दुर्घटना रात करीब सवा बारह बजे हुई। सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो कार असंतुलित हो गई। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे बने गहरे और गंदे नाले में जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर बचाई युवक की जान

प्रत्यक्षदर्शी वाहिद और विजय ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य में मदद की। विजय ने अपनी जान की परवाह किए बिना नाले में छलांग लगा दी। उसने पत्थर से कार का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे युवक को बाहर निकाला। इससे पहले लोगों ने एक अन्य युवक को भी नाले से बाहर निकलने में सहारा दिया था।

हादसे के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलाई गई। नाले से निकालकर एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गेलपुर निवासी 35 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है, जो दो बच्चों के पिता थे।

गेलपुर गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस कर रही जांच

मृतक के भाई तेजल ने बताया कि कुलदीप अपने दोस्तों के साथ किसी काम से हथीन गया था। वापस लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। कुलदीप घर में सबसे छोटा भाई था। इस घटना की खबर मिलते ही देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक अस्पताल पहुंचे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय निवासियों की मदद से गाड़ी को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News