Beijing News: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सीमा विवाद सुलझाने के लिए आज चीन की राजधानी बीजिंग पहुंच रहे हैं। डोभाल अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ मंगलवार को विशेष प्रतिनिधियों की 25वें दौर की बातचीत में हिस्सा लेंगे। दोनों देशों के बीच यह उच्चस्तरीय मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
दोनों देशों के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की यह बातचीत बेहद महत्वपूर्ण समय पर हो रही है। नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। इस सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत यात्रा संभावित है, जिससे पहले यह अहम बैठक आयोजित की जा रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और वांग यी सीमा बातचीत प्रक्रिया के आधिकारिक विशेष प्रतिनिधि हैं। भारत और चीन की 3,488 किलोमीटर लंबी और जटिल सीमा के विवाद को पूरी तरह से हल करने के लिए दोनों देशों ने साल 2003 में इस विशेष बातचीत प्रक्रिया की शुरुआत की थी।
हालांकि, यह व्यवस्था अब तक सीमा विवाद का स्थायी समाधान निकालने में पूरी तरह सफल नहीं हो सकी है। इसके बावजूद, दोनों देशों के अधिकारी मानते हैं कि सीमावर्ती इलाकों में समय-समय पर उत्पन्न होने वाले तनाव को कम करने के लिए यह बातचीत प्रक्रिया बेहद प्रभावी और उपयोगी जरिया साबित हुई है।
चीन के राष्ट्रपति की आगामी भारत यात्रा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद, दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी उनकी भागीदारी को लेकर काफी आशान्वित हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच द्विपक्षीय बातचीत का रास्ता भी साफ हो सकता है।