कैंसर की दवाओं पर बड़ी राहत: बाजार में मौजूद पुराने स्टॉक भी नई घटी हुई कीमतों पर ही बिकेंगे, एनपीपीए ने जारी किए सख्त निर्देश

Share

- Advertisement -

New Delhi News: कैंसर की दवाओं की कीमतों में कटौती के बाद अब बाजार में पहले से मौजूद पुराने स्टॉक भी नई संशोधित दरों पर ही बेचे जाएंगे। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने स्पष्ट कर दिया है कि पैकेट पर पुराना और अधिक अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) छपा होने के बावजूद मरीजों से अधिक पैसे नहीं वसूले जा सकेंगे।

एनपीपीए ने अपने आदेश में राज्य औषधि नियंत्रकों को निर्देश दिया है कि वे दवा कंपनियों, वितरकों, अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों के स्तर पर संशोधित कीमतों का सख्ती से पालन कराएं। प्राधिकरण ने साफ किया है कि सभी निर्माता, खुदरा विक्रेता, डीलर, स्टॉकिस्ट और अस्पताल नई दरों का पालन सुनिश्चित करें। यदि कोई भी संस्था या विक्रेता तय सीमा से अधिक कीमत वसूलता है, तो उसके खिलाफ औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश 2013 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

137 कैंसर दवाओं पर मार्जिन सीमित, सालाना 3540 करोड़ की बचत

एनपीपीए ने 137 नॉन-शेड्यूल्ड कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (टीएमआर) लागू किया है। इसके तहत व्यापारिक मार्जिन को अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित किया गया है। यह संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं। प्राधिकरण के अनुसार, 30 प्रतिशत की यह सीमा दवा के कुल मूल्य पर नहीं, बल्कि केवल व्यापारिक मार्जिन पर लागू होती है। सरकार का अनुमान है कि इस फैसले से देश भर के मरीजों को सालाना करीब 3540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।

कई दवाओं के दाम हजारों रुपये तक घटे

एनपीपीए द्वारा 11 नवंबर 2026 तक कंपनियों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जारी अद्यतन मूल्य सूची में कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है:

  • अबिराटेरोन एसीटेट (250 मिग्रा, 120 गोलियां): एक ब्रांड का एमआरपी 30,996 रुपये से घटकर 5,580 रुपये हो गया है, जबकि दूसरे ब्रांड की कीमत 26,250 रुपये से घटकर 3,916 रुपये रह गई है।
  • अबिराटेरोन एसीटेट (500 मिग्रा, 60 गोलियां): इसके एक ब्रांड का एमआरपी 28,305 रुपये से घटकर 3,827 रुपये हो गया है।
  • अबेमासिक्लिब: कुछ ब्रांड की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और इनका पुराना व संशोधित एमआरपी 21,429 रुपये ही दर्ज है। इसलिए मरीजों को दवा का नाम, ब्रांड, क्षमता और पैक के आकार के अनुसार संशोधित सूची की जांच करने की सलाह दी गई है।

पुराने स्टॉक के लिए री-स्टिकर लगाना अनिवार्य नहीं

एनपीपीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि 9 नवंबर से पहले बाजार में भेजे जा चुके स्टॉक को वापस मंगाना या उनके पैकेट पर नया स्टीकर व लेबल लगाना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, निर्माताओं को खुदरा विक्रेताओं के स्तर पर नई कीमतों का पालन सुनिश्चित कराना होगा। इसका सीधा अर्थ है कि यदि किसी दवा के पैकेट पर पुराना एमआरपी 30,996 रुपये छपा है और उसकी संशोधित कीमत 5,580 रुपये तय हुई है, तो विक्रेता को पुराने स्टॉक की दवा भी 5,580 रुपये में ही देनी होगी।

अस्पतालों को प्रदर्शित करनी होगी नई सूची, ऐसे करें शिकायत

निगरानी व्यवस्था को मजबूत करते हुए एनपीपीए ने खुदरा विक्रेताओं, डीलरों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को अपने परिसर में संशोधित मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने का आदेश दिया है। इसके अलावा, अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों को अपनी वेबसाइट पर भी नई दरें उपलब्ध करानी होंगी।

मरीज दवा खरीदते समय उसका नाम, ब्रांड और क्षमता एनपीपीए की वेबसाइट या ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप के माध्यम से जांच सकते हैं। यदि कोई विक्रेता या अस्पताल अधिक कीमत वसूलता है या दवा उपलब्ध नहीं कराता है, तो मरीज एनपीपीए के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर कॉल करके या monitoring-nppa@gov.in पर ईमेल भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News