Nagpur News: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को ‘फर्जी’ करार देते हुए सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पूर्व के बयानों को गलत संदर्भ में जोड़कर पेश किया गया है।
शनिवार को 17वें ‘एग्रोविजन’ (Agrovision) कृषि प्रदर्शनी की घोषणा के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए गडकरी ने इन अटकलों पर विराम लगाया। उन्होंने मीडिया से कहा कि “आप अपना काम करते रहिए और मैं अपना काम करता रहूंगा।”
युवाओं को आगे लाने के बयान का निकाला गया गलत अर्थ
केंद्रीय मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने केवल इतना कहा था कि अब युवाओं को आगे आना चाहिए। गडकरी के अनुसार, उनकी इस सामान्य टिप्पणी को कई मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने गलत ढंग से व्याख्यायित किया और यह अर्थ निकाल लिया कि वह राजनीति से संन्यास लेने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।