एसजेवीएनएल के पूर्व अध्यक्ष नंद लाल शर्मा का निधन, पंचकूला में ली अंतिम सांस

Share

- Advertisement -

Panchkula News: हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष और सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के पूर्व सीएमडी नंद लाल शर्मा का निधन हो गया है। वह चार दिनों से पंचकूला के अस्पताल में भर्ती थे। ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उनका इलाज चल रहा था, जहां बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और ऊना से संबंध रखने वाले नंद लाल शर्मा ने देश के ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने लगभग सात वर्षों तक मिनीरत्न कंपनी एसजेवीएनएल का सफल नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने देश और विदेश में नए आयाम स्थापित किए और अपनी विशेष पहचान बनाई।

हिमाचल के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नंद लाल शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शर्मा ने अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर ऊर्जा क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उन्होंने एसजेवीएनएल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पूर्व सीएमडी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि नंद लाल शर्मा के जाने का समाचार अत्यंत दुखद है। उनकी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करे।

एसजेवीएनएल ने नंद लाल के नेतृत्व में छुए नए आयाम

हिमाचल प्रदेश में मई 1988 में स्थापित एसजेवीएनएल का नेटवर्थ आज करीब 11 हजार करोड़ रुपये है। यह कंपनी देश के सबसे बड़े भूमिगत पावर स्टेशन नाथपा-झाकड़ी का सफल संचालन करती है, जिसका बांध किन्नौर में है। कंपनी ने नंद लाल शर्मा के नेतृत्व में भारत के अलावा नेपाल में भी कई बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News