ऊना की जांबाज महिला हेड कांस्टेबल अंजना कुमारी का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बीएसएफ ने दी सलामी

Share

- Advertisement -

Una News: उपमंडल गगरेट के जोह गांव की निवासी और सीमा सुरक्षा बल में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अंजना कुमारी का आकस्मिक निधन हो गया। 56 वर्षीय अंजना कुमारी जम्मू में बीएसएफ की 141वीं बटालियन में तैनात थीं। मंगलवार को उनके पैतृक गांव के मोक्षधाम में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

स्थानीय निवासी राजीव कालिया के अनुसार जम्मू में तैनाती के दौरान अंजना कुमारी अचानक बीमार पड़ गई थीं। पहले उन्हें जम्मू में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर हालत बिगड़ने पर चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मंगलवार को पार्थिव शरीर पहुंचते ही गांव में मातम छा गया।

खड़का कैंप की टुकड़ी ने दी सलामी, दोनों बेटों के सिर से उठा साया

खड़का कैंप से आई बीएसएफ की टुकड़ी ने दिवंगत महिला जवान को सशस्त्र सलामी देकर अंतिम विदाई दी। उल्लेखनीय है कि उनके पति राकेश कुमार भी बीएसएफ में हेड कांस्टेबल थे, जिनका 2006 में देहांत हुआ था। पति के जाने के बाद उन्होंने दोनों बेटों शुभम और अभिषेक को संभाला था। अब दोनों युवाओं के सिर से मां का साया भी उठ गया।

विधायक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने जताया गहरा शोक

अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक था और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी गांव पहुंचकर अंतिम यात्रा में भाग लिया और दिवंगत वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News