देशभर में मानसून की भारी बारिश से तबाही, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में रेड अलर्ट तो 15 राज्यों में चेतावनी जारी

Share

New Delhi News: देश के कई राज्यों में मानसून काफी तेज हो गया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में आज भी रेड अलर्ट लागू है।

जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से भारी तबाही

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के लोरन में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। राजौरी और पुंछ में पिछले 48 घंटों के भीतर 22 से अधिक मौतें हुई हैं। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट दिया है।

हिमाचल और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और चंबा की पांगी घाटी में बादल फटने से फसलें तबाह हो गई हैं। वहीं उत्तराखंड में भी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई पहाड़ी सड़कें बंद हो गई हैं।

यूपी, बिहार और पूर्वोत्तर में बिगड़े हालात

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के निचले इलाकों में बारिश से जलभराव हो गया है। नदियां उफान पर हैं और बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी हालात गंभीर हैं। असम के शिवसागर में बाढ़ का पानी चाय बागानों तक पहुंच गया है, जिससे 57 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

15 राज्यों में अगले दो दिन भारी बारिश

मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में मानसून के सक्रिय रहने की बात कही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम समेत 15 राज्यों में अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News