महाराष्ट्र के अमरावती में चार आदिवासी आश्रम स्कूलों के 143 छात्र फूड पॉइजनिंग से बीमार, अस्पताल में भर्ती

Share

- Advertisement -

Amravati News: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में मेलघाट की धारणी तहसील के चार आदिवासी आश्रम स्कूलों में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. इस घटना में कुल 143 छात्र बीमार पड़ गए हैं. सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.

प्रशासन में इस घटना से हड़कंप मच गया है. आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके स्थिति का जायजा लेने मेलघाट पहुंचे हैं. परिजनों ने इस लापरवाही पर कड़ा रोष जताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. भोजन करने के कुछ देर बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी थी.

खराब खाने के सेवन से बिगड़ी बच्चों की तबीयत

छात्रों को परोसे गए भोजन की गुणवत्ता खराब होने की आशंका जताई जा रही है. खाना खाने के बाद छात्रों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की परेशानी हुई. बीमार बच्चों की संख्या तेजी से बढ़कर 140 के पार चली गई. इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सभी को धारणी उपजिला अस्पताल पहुंचाया.

टीटंबा आश्रम स्कूल के 70, बिजूधावड़ी के 40, सुसरदा के 3 और सावलीखेड़ा आश्रम स्कूल के 30 छात्र इस घटना से प्रभावित हुए हैं. पीड़ित छात्रों का आरोप है कि उन्हें अधपका खाना दिया गया था. इसके बाद ही उन्हें मतली, उल्टी और दस्त जैसी गंभीर तकलीफों का सामना करना पड़ा.

सेंट्रल किचन की जांच और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

इस हादसे के बाद मेलघाट क्षेत्र में प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट पर है. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. मेलघाट के इन आश्रम स्कूलों में सेंट्रल किचन से खाना भेजा जाता है. प्रशासन ने अब सेंट्रल किचन की व्यवस्था और खाने के सैंपल की जांच शुरू कर दी है.

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News