Bhubaneswar News: भुवनेश्वर पहुंचे राजस्थान के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा का जांगिड़ समाज और उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन ने अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जयपुर-पुरी के बीच दैनिक ट्रेन शुरू करवाने की मांग उठाई।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा और अतिरिक्त सचिव डॉ. अशोक कुमार का स्थानीय प्रवासी समाज ने नागरिक अभिनंदन किया। भुवनेश्वर के जांगिड़ समाज एवं उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जांगिड़ समाज के अध्यक्ष नंदलाल राजोतिया, सचिव कमल शर्मा, कोषाध्यक्ष नितेश जांगिड़ तथा उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मनोज बाजोरिया, सचिव किशन खंडेलवाल और कोषाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने मंत्री और अतिरिक्त सचिव को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समाज के प्रतिनिधियों ने राजस्थान में प्रवासी समुदाय के हित में संचालित योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
जयपुर-पुरी के बीच दैनिक ट्रेन संचालन की मांग
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा और राजस्थान के मध्य सीधी रेल कनेक्टिविटी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। समाज के पदाधिकारियों ने मंत्री से आग्रह किया कि वे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर जयपुर से पुरी के बीच प्रतिदिन ट्रेन सेवा शुरू करवाने की दिशा में ठोस पहल करें।
प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में दोनों राज्यों के बीच नियमित आवागमन करने वाले यात्रियों, विशेष रूप से मारवाड़ी समाज के परिवारों और महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शनार्थ पुरी आने वाले श्रद्धालुओं को सीमित ट्रेनों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दैनिक ट्रेन शुरू होने से दोनों राज्यों के व्यापारिक व सांस्कृतिक संबंधों को नई गति मिलेगी।
भुवनेश्वर में मारवाड़ी समाज की स्थिति पर हुई चर्चा
वार्ता के दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में निवासरत मारवाड़ी समाज की आबादी, सामाजिक गतिविधियों और उनकी स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें अपनी संगठनात्मक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। मंत्री ने रेल सेवा से जुड़े इस जनहितैषी प्रस्ताव पर हर संभव सहयोग और केंद्रीय स्तर पर उचित पहल का भरोसा दिलाया।