हांसी में जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल

Share

- Advertisement -

Hansi News: हांसी के चर्चित जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है।

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पकड़ा गया आरोपी भिवानी जिले के भुरटाना गांव का निवासी 27 वर्षीय रोहित है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव के पास छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख रोहित ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

मौके से काबू किए गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल और लगभग 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी रोहित का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

11 जून को दिनदहाड़े हुई थी जिम ट्रेनर कपिल की हत्या

उल्लेखनीय है कि 11 जून की सुबह जिम ट्रेनर कपिल बच्चों को दौड़ की प्रैक्टिस करवा रहे थे। तभी फव्वारा चौक के पास बाइक सवार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं, जिससे कपिल की मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और इसके पीछे की पूरी साजिश का जल्द खुलासा हो सकेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News