National News: श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, सत्य, प्रेम, समानता और सेवा के उस महान दर्शन का स्मरण है, जिसने सदियों पहले समाज को नई दिशा दी थी। गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति, धार्मिक कट्टरता और अंधविश्वास से जकड़े समाज को सत्य और न्याय का मार्ग दिखाया। उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।
श्री गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ईस्वी में राय भोई दी तलवंडी में हुआ था, जिसे आज ननकाना साहिब (पाकिस्तान) के नाम से जाना जाता है। उनके पिता मेहता कल्याण दास (मेहता कालू जी) और माता तृप्ता जी थीं। बचपन से ही उनमें आध्यात्मिक चिंतन और मानवता के प्रति गहरा प्रेम था। वे समाज की कुरीतियों पर सवाल उठाते थे और लोगों को सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते थे।
किरत करो, नाम जपो और वंड छको
गुरु नानक देव जी की विचारधारा के तीन बुनियादी सिद्धांत हैं- ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’। इनका अर्थ है कि मनुष्य ईमानदारी से मेहनत करके कमाए, परमात्मा का सिमरन करे और अपनी नेक कमाई जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाए। गुरु साहिब ने सिखाया कि सच्चा धर्म बाहरी दिखावे या कोरे कर्मकांड में नहीं है, बल्कि निष्कपट श्रम, विनम्रता, दया और मानवता की निस्वार्थ सेवा ही सच्चा धर्म है।
उनका दर्शन ‘इक ओंकार’ के मूल सिद्धांत पर आधारित है। इसके अनुसार संपूर्ण सृष्टि का सृजनहार एक है और समस्त मानवता उसी एक परमात्मा की संतान है। इसीलिए गुरु साहिब ने धर्म, जाति, वर्ण, नस्ल और भाषा के नाम पर इंसानों के बीच दीवारें खड़ी करने और भेदभाव का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने अपनी चार ‘उदासियों’ के दौरान भारत सहित सुदूर देशों और प्रमुख धार्मिक केंद्रों की यात्राएं कीं और विभिन्न धर्मों के विचारकों से संवाद करके उन्हें सच्चे आचरण और मानवीय समानता का संदेश दिया।
जुल्म के खिलाफ निर्भीक आवाज
गुरु नानक देव जी की बाणी का एक महत्वपूर्ण पक्ष जुल्म, अन्याय और राजनीतिक दमन के खिलाफ उनकी निर्भीक आवाज है। जब बाबर ने भारत पर आक्रमण किए और ऐमनाबाद सहित कई क्षेत्रों में भीषण तबाही और लूटपाट हुई, तब गुरु साहिब ने सत्ता के अत्याचार के खिलाफ बेबाकी से आवाज उठाई। उनकी बाणी में दर्ज ‘बाबरवाणी’ उस दौर के अत्याचारों और आम जनता की पीड़ा का ऐतिहासिक दस्तावेज है। उन्होंने बाबर के आक्रमण को ‘पाप की बारात’ कहकर जालिम हुकूमत के क्रूर चेहरे को बेनकाब किया।
गुरु साहिब ने मानवता पर टूटे कहर को इन शब्दों में दर्ज किया- ‘पाप की जंञ लै काबलहु धाइआ जोरी मंगै दानु वे लालो॥’ उन्होंने तत्कालीन शासकों की कायरता पर भी तीखे सवाल उठाए। उनकी बाणी साक्षी है कि सच्चा धर्म जुल्म सहने या खामोश रहने में नहीं, बल्कि सत्य और न्याय के पक्ष में सीना तानकर खड़े होने में है। मानवता की करुण पुकार को उन्होंने इन शब्दों में कहा- ‘एती मार पई करलाणे तै की दरदु न आइआ॥’
नारी-सम्मान और जाति-भेद का विरोध
नारी-सम्मान और समानता के प्रति गुरु नानक देव जी की दृष्टि अपने युग से बहुत आगे थी। उस समय जब समाज स्त्री को दोयम दर्जे का समझता था, गुरु साहिब ने नारी की महत्ता को स्वीकार करते हुए फरमाया- ‘सो किउ मंदा आखीऐ जितु जमहि राजान॥’ उन्होंने महिला को पूर्ण सामाजिक बराबरी, सम्मान और अधिकारों की हकदार माना।
गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति और छुआछूत के भेदभाव को मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनुष्य की महानता उसकी जाति, कुल या सामाजिक पद से नहीं, बल्कि उसके सत्कर्मों और चरित्र से तय होती है। उनकी बाणी का कथन है- ‘नीचा अंदरि नीच जाति नीची हू अति नीचु॥ नानकु तिन कै संगि साथि वडिआ सिउ किआ रीस॥’ भाई लालो जी जैसे श्रमसाधक के घर भोजन करना और मलिक भागो के आडंबर और अन्याय की कमाई वाले पकवानों को ठुकराना इस बात का प्रमाण है कि गुरु साहिब की दृष्टि में निष्कपट श्रम और सत्यनिष्ठा ही सबसे बड़ी पूंजी थी।
आज के समय में गुरु नानक की सीख
आज जब दुनिया धार्मिक कट्टरता, युद्ध, नफरत, आर्थिक विषमता, स्त्री-विरोधी सोच और पर्यावरणीय संकटों से जूझ रही है, तब गुरु नानक देव जी की बाणी और दर्शन समूची मानवता को सही राह दिखाते हैं। उनकी सीख किसी एक पंथ या भूगोल तक सीमित नहीं है, बल्कि समूचे जगत के कल्याण के लिए है।
लेखक केवल सिंह ढिल्लों (अध्यक्ष, पंजाब भाजपा) के अनुसार, केंद्र की भाजपा सरकार ने सिख कौम की भावनाओं का सम्मान करते हुए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उनके अनुसार दशकों से बिछुड़े पावन गुरुधाम श्री करतारपुर साहिब का गलियारा खोला गया, सत्गुरु जी का 550वां प्रकाश पर्व वैश्विक स्तर पर मनाया गया, श्री दरबार साहिब के लंगर को जी.एस.टी.-मुक्त किया गया और अफगानिस्तान के संकटग्रस्त हालात से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सत्कार के साथ भारत लाया गया। लेखक के अनुसार छोटे साहिबजादों की शहादत की याद में ‘वीर बाल दिवस’ की राष्ट्रव्यापी घोषणा, श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना, 312 सिख नागरिकों को काली सूची से बाहर निकालना और श्री हरिमंदिर साहिब को एफ.सी.आर.ए. पंजीकरण दिलाना भी सिख परंपरा और आस्था के प्रति सरकार की निष्ठा को दर्शाते हैं। प्रकाश पर्व के इस पावन अवसर पर पंजाब भाजपा का नेतृत्व गुरु चरणों में नतमस्तक होकर ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ के संदेश को अपने जीवन में उतारने का संकल्प दोहराता है।