शरद पवार के रिटायरमेंट की चर्चा पर फडणवीस बोले, अभी इस बात के लिए सही समय नहीं है

Share

- Advertisement -

National News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के रिटायरमेंट की चर्चा पर कहा कि अभी इस बारे में बात करने का सही समय नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार साहेब आज भी पूरी तरह सक्रिय हैं और विभिन्न कामों व परियोजनाओं में रुचि लेते हैं। फडणवीस को भरोसा है कि पवार अपने जीवन में कभी रुकने वाले नहीं हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ समय से शरद पवार के संन्यास को लेकर अटकलें तेज हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री फडणवीस से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि सबकी यही कामना है कि पवार का स्वास्थ्य अच्छा रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पवार को करीब से देखा है और वह आज भी अलग-अलग कामों और परियोजनाओं में गहरी दिलचस्पी लेते हैं।

फडणवीस ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि शरद पवार अपने पूरे जीवन में कभी भी रुकने वाले नहीं हैं।” उनके इस बयान के बाद पवार के संन्यास की चर्चा पर कुछ समय के लिए विराम लगने की उम्मीद है।

सुप्रिया सुले ने अटकलों को बताया आपत्तिजनक

इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उन खबरों को सख्ती से खारिज कर दिया था, जिनमें कहा गया था कि शरद पवार राजनीति से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं। सुले ने कहा था कि पवार का राज्यसभा कार्यकाल अभी पांच साल का बचा है, इसलिए उनके रिटायर होने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक जीवन से कौन हटेगा, यह जनता तय करेगी, न कि अफवाहें फैलाने वाले।

कैसे शुरू हुई यह चर्चा

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब एक रिपोर्ट में अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि राकांपा (शरद) गुट के भीतर राजग में शामिल होने को लेकर चर्चा चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 12 दिसंबर को 86 साल के होने जा रहे पवार को राजनीति से पीछे हटने का सुझाव दिया गया था, ताकि सुप्रिया सुले और वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल जैसे नेता एनडीए के साथ जुड़ सकें। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत की है।

अस्पताल में भर्ती के बाद बढ़ीं अटकलें

महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान खांसी, कफ और कमजोरी के कारण शरद पवार को पहले पुणे और फिर मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पवार को फोन करके उनका हालचाल पूछा और कहा कि आप आराम करें, सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे। यह बात हालांकि उनकी बीमारी को लेकर चिंता जताने के लिए कही गई थी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके गहरे मायने निकाले गए, जिससे शरद पवार के राजनीति से हटने की चर्चाओं को और हवा मिल गई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News