Delhi News: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार के उस आदेश को खारिज कर दिया है, जिसमें गैर सरकारी संगठन सोशियो लीगल इन्फॉर्मेशन सेंटर का एफसीआरए लाइसेंस रद किया गया था। न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने कहा कि संगठन की गतिविधियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या जनहित को नुकसान पहुंचने का कोई ठोस सुबूत रिकॉर्ड में नहीं है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गैर सरकारी संगठन सोशियो लीगल इन्फॉर्मेशन सेंटर (एसएलआईसी) का विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस रद करने संबंधी केंद्र सरकार का आदेश दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया।
न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने कहा कि संगठन के सरकार विरोधी आक्रामक राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप ठोस सुबूतों पर आधारित नहीं है। आदेश को गैर-कानूनी और जरूरत से ज्यादा कठोर बताते हुए पीठ ने कहा कि रिकॉर्ड में ऐसा कोई सुबूत नहीं है, जिससे लगे कि एसएलआईसी की गतिविधियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा या जनहित को नुकसान हो सकता है।
कोर्ट ने क्या कहा
पीठ ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत पीड़ितों को अदालतों और वैधानिक आयोगों तक पहुंचने में मदद करना अपने आप में राजनीतिक गतिविधि नहीं है। अदालत ने कहा कि एनजीओ ने विदेशी फंड का इस्तेमाल कानूनी सहायता और सामाजिक कल्याण जैसे घोषित उद्देश्यों के लिए किया।
अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती
गृह मंत्रालय ने पंजीकरण रद करने जैसे कठोर कदम की ठोस वजह नहीं बताई। अदालत ने उक्त आदेश एनजीओ की याचिका पर दिया। याचिका में गृह मंत्रालय के अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती दी थी। उसने देशभर के कई बैंकों में विदेशी अंशदान और अन्य उपयोग खातों को फ्रीज किए जाने पर भी सवाल उठाया था।